लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

दिल्ली-एनसीआर में हवा जहरीली, प्रदूषण बढ़ते ही सरकार ने लागू किए GRAP-2

त्योहारी सीजन के बीच राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली का औसत AQI 324 के स्तर को पार कर गया। जिसे देखते हुए सरकार ने GRAP-2 लागू कर दिया है।

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन के बीच राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। हवा दिन पर दिन खराब होती जा रही है। अनुकूल मौसम न होने और हवा की गति कम होने के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक AQI लगातार बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है। इसी बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पूरे दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान का दूसरा चरण GRAP-2 लागू कर दिया है। यह फैसला तब लिया गया जब दिल्ली का औसत AQI बढ़कर 324 के स्तर को पार कर गया। पर्यावरण विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में स्मॉग और धुंध की चादर और गहरी हो सकती है। इससे पहले 1 नवंबर को दिल्ली का AQI 261 तक पहुंच गया था। जो खराब श्रेणी है। 

GRAP-2 लागू होने के बाद इन कार्यो पर रहेगा प्रतिबंध

GRAP-2 लागू होने के बाद पूरे दिल्ली-NCR में होटल, रेस्टोरेंट और सड़क किनारे बने ढाबों और अन्य कार्यो में कोयले या लकड़ी से चलने वाले तंदूरों के इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन लगा दिया गया है। उन्हें केवल बिजली या गैस आधारित उपकरणों का उपयोग करने की अनुमति है। जबकि, GRAP-2 लागू होने से निजी और कमर्शियल कामों के लिए डीजल जनरेटर चलाने पर रोक रहेगी। केवल अस्पताल, लिफ्ट, रेलवे और आपातकालीन सेवाओं को ही इसमें छूट दी गई है। खुले में ठोस कचरा, बायोमास या सूखी पत्तियां जलाने पर पूरी तरह पाबंदी है और ऐसा करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। बिना वैध प्रदूषण सर्टिफिकेट PUC वाली गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, दिल्ली सरकार ने 1 नवंबर से ही बाहरी राज्यों से आने वाले नॉन-BS-VI पेट्रोल और डीजल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट को किया जाएगा मजबूत
प्रदूषण कम करने के लिए मेट्रो, रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम RRTS, CNG बसों और इलेक्ट्रिक बसों की सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मकसद लोगों को सार्वजनिक परिवहन की ओर आकर्षित करना और सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या कम करना है। इसके अलावा कार्यालयों को कर्मचारियों के लिए साझा परिवहन की व्यवस्था करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

मंहगी होगी पार्किंग 
प्राइवेट वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए दिल्ली-एनसीआर में पार्किंग शुल्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य लोगों को प्राइवेट गाड़ियों के बजाय पब्लिक टांसपोर्ट का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। हालांकि, CAQM ने सभी जगहों के लिए पार्किंग शुल्क की कोई एक समान दर निर्धारित नहीं की है।

सड़कों पर पानी का छिड़काव
GRAP-2 लागू होते ही पूरे दिल्ली-एनसीआर में भारी ट्रैफिक वाले कॉरिडोर और जाम के पॉइंट्स पर रोजाना सुबह पीक ऑवर्स से पहले पानी और डस्ट सप्रेसेंट (धूल दबाने वाले केमिकल) का छिड़काव किया जा रहा है।

दिल्ली सरकार ने की लोगों से सहयोग की अपील
CAQM और दिल्ली सरकार ने बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए आम जनमानस से सहयोग की अपील की है। दिल्ली सरकार ने दिल्ली वालों से अपनी अपील में कहा है कि प्रदूषण के स्तर को देखते हुए से वे निजी वाहनों के बजाय मेट्रो, RRTS या बसों का उपयोग करें। अपनी गाड़ियों के एयर फिल्टर समय पर बदलें और लाल बत्ती पर इंजन बंद रखें। ताकि प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद मिल सकें। वहीं लोगों से अपील की है कि यदि आपके पास वर्क फ्रॉम होम (घर से काम) का विकल्प है, तो उसका उपयोग करें। इतना ही नहीं अपनी सेहत का ख्याल रखें , घर से बाहर जब निकलें तो मास्क का प्रयोग ज़रुर करें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें