रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा पटना। बिहार में 1,799 पदों पर दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़क पर देखने को मिला। गुरुवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पटना में प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की। हाथों में तिरंगा और मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर निकले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग की। हालांकि, कुछ अभ्यर्थियों ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी। गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द किए जाने से नाराज अभ्यर्थी गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से बाहर निकले। यहां से उन्होंने जेपी गोलंबर और डाक बंगला चौराहे के रास्ते मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की।