रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने और लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी रणनीतिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी में विश्वनाथ धाम के बाद अब भाजपा की रणनीति का केंद्र मथुरा बनने जा रहा है।
इसी कड़ी में पार्टी 16 और 17 नवंबर को मथुरा में दो दिवसीय ‘चिंतन बैठक’ (कोर ग्रुप शिविर) आयोजित करने जा रही है। परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र (दीनदयाल धाम) में होने वाले इस महामंथन में प्रदेश से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक के करीब 35 से 45 वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी इसे उत्तर प्रदेश की सियासी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बना रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री संभालेंगे कमान

दो दिनों तक चलने वाले इस चिंतन शिविर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक शामिल होंगे।
बैठक के दूसरे दिन यानी 17 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मथुरा पहुंचेंगे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारी भी बैठक में अलग से हिस्सा लेकर संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा करेंगे।
चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर होगा मंथन
इस बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व ब्रज क्षेत्र में संगठन की स्थिति का आकलन करने के साथ ही चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति तैयार कर सकता है। किसान राजनीति, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय मुद्दे और विपक्ष की चुनावी तैयारियां भी चर्चा के प्रमुख विषय हो सकते हैं।
इसके साथ ही विपक्ष के PDA समीकरण की काट तलाशने और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करने की रणनीति पर भी मंथन होने की संभावना है।
टिकट बंटवारे पर भी हो सकती है चर्चा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में टिकट वितरण को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। बैठक में संभावित प्रत्याशियों के चयन के मानदंड तय करने, बड़े नेताओं की रैलियों की रूपरेखा तैयार करने, सोशल मीडिया प्रबंधन को मजबूत बनाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर विचार किया जा सकता है।
पश्चिमी यूपी के समीकरण और विपक्ष के PDA की काट पर फोकस
दरअसल, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के भव्य निर्माण एवं विकास के बाद अब भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का मथुरा में जुटना एक बड़े सियासी और सांस्कृतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
गोरखपुर क्षेत्र की समीक्षा के बाद पार्टी का पूरा फोकस अब ब्रज और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की करीब 125 विधानसभा सीटों पर है। इन क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, सामाजिक समीकरण और स्थानीय मुद्दों को लेकर विस्तृत चर्चा हो सकती है।
मिशन-2027 के चुनावी शंखनाद की तैयारी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मथुरा की धरती से भाजपा न केवल ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाएगी, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी समीकरणों को साधते हुए ‘मिशन-2027’ का औपचारिक शंखनाद भी कर सकती है।
दो दिनों के मंथन के बाद पार्टी राज्यभर में अपने आगामी चुनावी कार्यक्रमों और अभियानों का रोडमैप तैयार कर सकती है।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करना बड़ी चुनौती
चुनाव से पहले पार्टी नेतृत्व के सामने जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता बनाए रखना और उनकी नाराजगी दूर करना भी एक बड़ी चुनौती है। बैठक में संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच तालमेल की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
यह समझने की कोशिश भी होगी कि स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और उनकी शिकायतों का समाधान किस तरह किया जा सकता है। बैठक में इस बात पर भी चर्चा होने की संभावना है कि सांसदों और विधायकों का अपने-अपने क्षेत्रों में जनता और कार्यकर्ताओं से कितना संपर्क है।
पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि चुनाव के समय संगठन की पूरी ताकत बूथ स्तर तक सक्रिय रहे और स्थानीय स्तर पर किसी तरह की नाराजगी चुनावी तैयारियों को प्रभावित न करे।
SIR में छूटे मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर भी नजर
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया भी भाजपा की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण विषय है। मथुरा की बैठक में मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है।
विशेष रूप से पुनरीक्षण के दौरान सूची से बाहर हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और बूथ स्तर पर मतदाता सूची की स्थिति की निगरानी पर जोर दिया जा सकता है।
RLD के साथ तालमेल और क्षेत्रीय समीकरणों पर भी नजर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सहयोगी दलों की भूमिका को देखते हुए भाजपा की इस बैठक में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नेताओं से भी क्षेत्रीय परिस्थितियों को लेकर फीडबैक लिए जाने की तैयारी है।
ब्रज और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरण, स्थानीय मुद्दे और NDA के सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय भी चर्चा का हिस्सा हो सकते हैं।
जन्माष्टमी पर योगी के संकेत के बाद बढ़ी चर्चा

इसी वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन-पूजन किया था। इस दौरान उन्होंने अयोध्या और काशी की तर्ज पर मथुरा के भव्य विकास का संकेत दिया था।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद से ही ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को लेकर सरकार की संभावित योजनाओं पर चर्चाएं तेज हुई हैं। अब भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की चिंतन बैठक को भी इसी राजनीतिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में केवल धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दे ही निर्णायक नहीं हैं। यहां किसान आंदोलन की पृष्ठभूमि, जाट-मुस्लिम समीकरण, गुर्जर, दलित और अन्य सामाजिक वर्गों की भूमिका भी चुनावी परिणामों को प्रभावित करती है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व के सामने ब्रज क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों का विश्वास जीतने की चुनौती भी होगी। बैठक में इन समीकरणों को ध्यान में रखकर चुनावी रणनीति तैयार किए जाने की संभावना है।
छह राज्यों के संगठन पदाधिकारियों को यूपी के क्षेत्रों की जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी और संगठन को मजबूत करने के लिए भाजपा ने दूसरे राज्यों के अनुभवी संगठन पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है।
इसके तहत छत्तीसगढ़ के संगठन मंत्री करम वीर, मध्य प्रदेश के संगठन मंत्री चंद्रशेखर, राजस्थान के संगठन मंत्री अजय कुमार, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के संगठन मंत्री एन. मधुकर, झारखंड के संगठन मंत्री पवन साईं और महाराष्ट्र के सह-संगठन मंत्री सतीश धोंड को उत्तर प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में काम करने की जिम्मेदारी दी गई है।
इन पदाधिकारियों का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों में संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करना और चुनावी तैयारियों में सामने आने वाली कमियों की पहचान करना है। मथुरा की बैठक में इनसे मिले फीडबैक और क्षेत्रवार रिपोर्ट पर भी चर्चा होने की संभावना है।





