ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक महिला सब-इंस्पेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। महिला सब-इंस्पेक्टर रश्मि गौतम का शव उनके सरकारी आवास के बाथरूम में अचेत अवस्था में मिला। पुलिस और डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के आधार पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। रश्मि मूल रूप से कानपुर की रहने वाली थीं।
पिता के फोन से खुला मामला
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह रश्मि गौतम के पिता ने उन्हें कई बार फोन किया। लगातार कॉल करने के बावजूद जब रश्मि ने फोन रिसीव नहीं किया तो उनके पिता को चिंता होने लगी। इसके बाद उन्होंने रश्मि के साथ रहने वाली एक अन्य महिला सब-इंस्पेक्टर से संपर्क किया और बेटी से बात कराने का अनुरोध किया।
दरवाजा तोड़कर बाथरूम से निकाला गया बाहर
सहकर्मी जब रश्मि के सरकारी आवास पर पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो रश्मि बाथरूम के अंदर बेसुध पड़ी मिलीं। उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और कानपुर में रह रहे उनके परिजनों को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रश्मि के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
2023 बैच की सब-इंस्पेक्टर थीं रश्मि
रश्मि गौतम वर्ष 2023 बैच की सब-इंस्पेक्टर थीं। वह वर्ष 2024 से ग्रेटर नोएडा के जारचा थाने में तैनात थीं। मूल रूप से कानपुर की रहने वाली रश्मि थाना परिसर में बने सरकारी आवास में अकेली रहती थीं। उनके पिता भी उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं।





