लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ‘बीजेपी की बी-टीम’ होने का आरोप राजनीतिक दलों के बीच नया सियासी हथियार बनता जा रहा है। सत्ता से बाहर बैठी विपक्षी पार्टियां खुद को बीजेपी का असली मुकाबला करने वाला विकल्प बताने के साथ ही अपने विरोधियों को भगवा खेमे का मददगार साबित करने में जुटी हैं। इस सियासी खींचतान को उस वक्त और हवा मिल गई, जब चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने साथ आकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का ऐलान किया। अब इस नए मोर्चे ने प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों और वोटों के बंटवारे को लेकर बहस छेड़ दी है। वहीं, दलित राजनीति की प्रमुख ताकत मानी जाने वाली बसपा भी अपनी सियासी जमीन बचाने के लिए सक्रिय नजर आ रही है।
अखिलेश यादव ने किया स्वागत, लेकिन जता दी आशंका

चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के नए मोर्चे के ऐलान के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसका स्वागत करते हुए कहा कि इससे बीजेपी के दो से तीन फीसदी वोट कम हो सकते हैं। हालांकि, अपने बयान में उन्होंने एक राजनीतिक संदेश भी दिया। अखिलेश ने कहा कि ऐसे मोर्चे तभी सफल होते हैं, जब उनके पीछे कोई ‘काला मंसूबा’ न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई राजनीतिक कठपुतली बनेगा तो जनता उसकी जमानत जब्त करा देगी।
अखिलेश के इस बयान को नए मोर्चे की राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाने के तौर पर देखा गया। उनके इस संकेत के बाद गठबंधन के नेताओं की प्रतिक्रिया का इंतजार था, लेकिन असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ की रैली में सीधे अखिलेश यादव पर निशाना साध दिया।
ओवैसी का पलटवार: अखिलेश की डोर बीजेपी के हाथ में

मेरठ में जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने पतंग का उदाहरण देकर अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश की डोर बीजेपी के हाथों में है और वही तय करती है कि उनकी राजनीति कितनी ऊंचाई तक जाएगी।
ओवैसी ने राज्यसभा चुनाव और पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए भी सपा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने मुसलमानों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया और मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान उनकी अपेक्षाओं के मुताबिक भूमिका नहीं निभाई। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने संसद में नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना की थी।
ओवैसी ने इंडिया गठबंधन के दलों पर दोहरे राजनीतिक रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरे राज्यों में गठबंधन के सहयोगी दल एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं, लेकिन दूसरों पर बीजेपी की बी-टीम होने का आरोप लगाते हैं। ओवैसी के इस पलटवार के बाद सपा और नए मोर्चे के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया है।
बसपा भी ‘बी-टीम’ के आरोपों से नहीं रही अछूती
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बीजेपी की बी-टीम होने का आरोप नया नहीं है। इससे पहले बहुजन समाज पार्टी और उसकी प्रमुख मायावती भी विपक्षी दलों के निशाने पर रही हैं। सपा और कांग्रेस सहित कई विपक्षी नेता बसपा के अकेले चुनाव लड़ने को बीजेपी के लिए फायदेमंद बताते रहे हैं। उनका तर्क रहा है कि विपक्षी वोटों के बंटवारे का सीधा लाभ सत्तारूढ़ दल को मिलता है।
हालांकि, मायावती इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही हैं। उनका कहना है कि गठबंधन में बसपा का वोट तो सहयोगी दलों को मिल जाता है, लेकिन बदले में उनके वोट बैंक का अपेक्षित समर्थन नहीं मिलता। मायावती खुद भी चंद्रशेखर आजाद को बीजेपी का एजेंट बता चुकी हैं। वह सपा और कांग्रेस पर भी बीजेपी के साथ मिलीभगत कर विपक्षी वोटों को कमजोर करने के आरोप लगाती रही हैं।
दलित-मुस्लिम वोट बैंक पर सभी की नजर
इस सियासी टकराव की सबसे बड़ी वजह उत्तर प्रदेश का जातीय और सामाजिक समीकरण है। राज्य में दलित आबादी करीब 21 फीसदी और मुस्लिम आबादी लगभग 19 फीसदी मानी जाती है। दोनों वर्गों की आबादी मिलाकर करीब 40 फीसदी होती है, जो प्रदेश की चुनावी राजनीति में अहम भूमिका निभा सकती है।
2024 के लोकसभा चुनाव में दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बड़े हिस्से का समर्थन सपा-कांग्रेस गठबंधन को मिला था। इसी आधार पर अखिलेश यादव ने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की राजनीतिक रणनीति को आगे बढ़ाया। अब ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का नया मोर्चा इसी सामाजिक समीकरण में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नया मोर्चा भले ही प्रदेश में बड़ी संख्या में सीटें जीतने की स्थिति में न हो, लेकिन कुछ विधानसभा क्षेत्रों में उसका प्रभाव चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। यदि यह मोर्चा तीन से पांच फीसदी वोट भी हासिल करता है तो कई सीटों पर सपा और बसपा के चुनावी गणित में बदलाव आ सकता है। हालांकि, इसका वास्तविक फायदा किस दल को मिलेगा, यह उम्मीदवारों, क्षेत्रीय समीकरणों और चुनावी रणनीति पर निर्भर करेगा।
विपक्षी खेमे में आरोप-प्रत्यारोप, बीजेपी को मिल सकता है फायदा
फिलहाल उत्तर प्रदेश की राजनीति में विपक्षी दल एक-दूसरे को बीजेपी की बी-टीम साबित करने में जुटे हैं। सपा को पीडीए वोट बैंक में सेंध लगने की चिंता है तो बसपा के सामने भी अपने पारंपरिक दलित आधार को मजबूत बनाए रखने की चुनौती है। दूसरी ओर, बीजेपी इस पूरे घटनाक्रम को विपक्षी दलों के बीच बढ़ती खींचतान के नजरिये से देख रही है।
सवाल यही है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में दलित, पिछड़े और मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन किसके पक्ष में जाएगा? क्या ओवैसी और चंद्रशेखर का नया मोर्चा सपा के पीडीए समीकरण को चुनौती देगा या फिर विपक्षी वोटों का बंटवारा बीजेपी के लिए फायदेमंद साबित होगा? फिलहाल, ‘बी-टीम’ के आरोपों के बीच यूपी की सियासत में असली मुकाबला वोट बैंक और राजनीतिक जमीन बचाने का बनता दिखाई दे रहा है।





