कुंडा (प्रतापगढ़)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती राजभवन में विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से 17 से 20 नवंबर तक भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है।

इस धार्मिक आयोजन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व्यासपीठ से कथा का वाचन कर रहे हैं। इस आयोजन में कई दिग्गज हस्तियों
के साथ पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी भी अपने परिवारों के साथ शामिल हो रहे हैं। मंगलवार से शुरू हुई इस कथा का आज दूसरा दिन है। कथा के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। चार दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का समापन 20 नवंबर को विशेष दिव्य दरबार के साथ होगा।
कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
बृजभूषण शरण सिंह के बयान ने खींचा सबका ध्यान
मंगलवार को कथा में शामिल हुए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का राजा भैया को लेकर दिया गया बयान भी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया। राजा भैया के राजनीतिक प्रभाव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “राजा भैया का दबदबा था, दबदबा रहेगा।”
उनके इस बयान ने धार्मिक आयोजन के बीच सबका ध्यान आकर्षित किया। आयोजन में पहुंचे अतिथियों ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया और श्रीराम कथा का श्रवण किया। राजा भैया के आवास पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही
बन रहा है।
पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी बने विशेष आकर्षण
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि राजस्थान के जोधपुर और जैसलमेर स्थित शिविरों में रह रहे पाकिस्तान से विस्थापित करीब 500 हिंदू शरणार्थी परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
कथा में उनकी भागीदारी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। आयोजन को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब में राजा भैया और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का हवाला देते हुए धार्मिक स्वतंत्रता को मौलिक अधिकार बताया।
वहीं, राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह की ओर से भी कथा में शामिल होने की इच्छा जाहिर किए जाने की बात सामने आई है, जो चर्चा का विषय बनी हुई है।
वीआईपी मेहमानों और संतों का जमावड़ा
राजा भैया के आवास पर आयोजित श्रीराम कथा के शुरुआती दो दिनों में ही संतों और राजनेताओं का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला है। योग गुरु बाबा रामदेव ने मंच पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इसके अलावा राजनीतिक जगत से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और विधायक अभय सिंह समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि कथा सुनने कुंडा पहुंचे हैं।
भव्य इंतजाम और सुरक्षा के कड़े प्रबंध
बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में बनाए गए ‘योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम’ में एक साथ करीब एक लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 183 मीटर लंबा वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारों दिन 24 घंटे भंडारे की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बाहर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के ठहरने के भी इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को सात जोन और नौ सेक्टरों में बांटा गया है। 1,200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है।
आगामी 20 नवंबर को कथा के समापन अवसर पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विशेष ‘दिव्य दरबार’ भी आयोजित किया जाएगा। इसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कितनी संपत्ति के मालिक हैं राजा भैया? 
चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे के मुताबिक, लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक राजा भैया के पास करीब 23.70 करोड़ रुपये की संपत्ति है। खास बात यह है कि हलफनामे में उनके ऊपर किसी तरह का कर्ज या लोन नहीं बताया गया है।
राजा भैया के सात अलग-अलग बैंक खातों में आठ करोड़ रुपये से अधिक की रकम जमा है। इसके अलावा उन्होंने भैया एंड फैमिली के शेयरों में भी निवेश किया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये में बताई गई है।
राजा भैया के पास छह करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य संपत्तियां भी हैं। उनकी चल और अचल संपत्तियों में करोड़ों रुपये की जमीन-जायदाद शामिल है।
कौन हैं राजा भैया?
उत्तर प्रदेश की राजनीति के चर्चित चेहरों में शामिल रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया कुंडा विधानसभा सीट से लगातार सात बार विधायक चुने जा चुके हैं। वह भदरी रियासत के शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वर्तमान में वह जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
राजा भैया ने महज 24 वर्ष की उम्र में वर्ष 1993 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। उनका यह राजनीतिक सफर आज भी जारी है। अपने लंबे राजनीतिक करियर में वह भाजपा और समाजवादी पार्टी, दोनों की सरकारों में कई बार कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
क्षेत्र में आयोजित होने वाले अपने ‘जनता दरबार’ और सामाजिक गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले राजा भैया का प्रतापगढ़ और आसपास के जिलों में गहरा राजनीतिक प्रभाव माना जाता है।





