सीट शेयरिंग को लेकर दोपहर 12:00 बजे दोनों दलों की बीच होगी बैठक। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर होने जा रही है बैठक।
रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
नई दिल्ली। यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इन दिनों पक्ष से लेकर विपक्ष तक सभी पार्टियों में सीट शेयरिंग को लेकर बैठकों का दौर जारी है। इसी कड़ी में आज से विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के दो प्रमुख घटक दलों समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल की औपचारिक कवायद शुरू हो रही है। सपा और कांग्रेस के प्रतिनिधियों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर सोमवार दोपहर 12:00 बजे से दो दिनों तक लगातार मंथन चलेगा। बैठक के दौरान दोनों पार्टियों के बीच कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा, इसको लेकर सहमति बनाई जाएगी। यह बैठक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर होने जा रही है।
क्या है प्रियंका गांधी का ’60+50+70′ फॉर्मूला?
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती दौर में कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर सहमति न बन पाने के बाद पार्टी ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है, जबकि सपा 54 सीटें देने को राजी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मंजूरी के बाद पार्टी ने जीत की संभावना और जमीनी पकड़ के आधार पर कुल 180 सीटों का एक तीन चरणों वाला फॉर्मूला तैयार किया है। पहले चरण में 60 सीटों की डिमांड रखने का प्लान बनाया गया है। ये वे सीटें हैं जहाँ कांग्रेस हर हाल में चुनाव लड़ना चाहती है और किसी भी समझौते के लिए तैयार नहीं है। इसमें यूपी के लगभग सभी क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं। दूसरे चरण में कांग्रेस 50 सीटों पर चर्चा करेगी। इसमें सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल समेत वे सीटें शामिल हैं, जहाँ पिछले चुनावों में कांग्रेस का वोट प्रतिशत और प्रदर्शन मजबूत रहा है। तीसरे चरण में 70 सीटों पर चर्चा होगी। इसमें रायबरेली, अमेठी और प्रयागराज जैसे पारंपरिक गढ़ों के साथ वे सीटें रखी गई हैं, जहाँ पार्टी संगठन मजबूत है और जीत की प्रबल संभावना दिख रही है।
संख्या नहीं, जीत के समीकरण पर जोर
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, 23 और 24 नवंबर को दो दिनों तक चलने वाले इस मंथन में कुल सीटों के आंकड़े में उलझने के बजाय एक-एक विधानसभा सीट के जातीय और स्थानीय समीकरणों पर चर्चा होगी। जहाँ एक ओर कांग्रेस पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में ज्यादा हिस्सेदारी चाहती है, वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सपा कांग्रेस को 54 से 65 सीटों के बीच देने का प्रस्ताव रख सकती है। हालांकि, सपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। गौरतलब है कि यह बैठक पहले 17 नवंबर को होनी थी, लेकिन दोनों पार्टियों के बीच सहमति न बन पाने के कारण इसे टाल दिया गया था।
दोनों दलों की बैठक में ये नेता होंगे शामिल
सपा के साथ कांग्रेस की होने वाली दो दिवसीय बैठक की अगुवाई कांग्रेस की ओर से अजय माकन, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा ‘मोना’, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी करेंगे, जिस पर सीधी निगरानी प्रियंका गांधी वाड्रा रख रही हैं। वहीं, सपा अध्यक्ष की ओर से चार सदस्यीय समिति बनाई गई है, जिसमें प्रो. रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, राजीव राय और सांसद इकरा हसन मौजूद हैं।




