लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

सोनिया गांधी की किताब पर शिवसेना का हंगामा, सावरकर के अपमान का आरोप लगाकर फाड़े पन्ने

मुंबई। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार को महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने पुस्तक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी के छह प्रवक्ताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किताब के पन्ने फाड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। शिवसेना नेताओं का आरोप है कि पुस्तक में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं। प्रदर्शन में शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी, संजय निरुपम, शीतल म्हात्रे और आनंद दुबे समेत छह नेताओं ने हिस्सा लिया। नेताओं ने किताब की प्रतियां फाड़ते हुए महाराष्ट्र में इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।

किताब के दो पन्नों पर शिवसेना को आपत्ति

शिवसेना नेताओं ने पुस्तक के पेज नंबर 201 और 443 पर विशेष आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि इन पन्नों में सावरकर की विचारधारा और ब्रिटिश शासन को लिखे गए पत्रों का संदर्भ देकर इतिहास को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। नेताओं ने इसे महाराष्ट्र के महापुरुषों का अपमान बताते हुए राज्य सरकार से पुस्तक पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि सावरकर को बार-बार अपमानित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि महलों में रहने वाले लोग सावरकर के संघर्ष और उनके जीवन की कठिनाइयों को कैसे समझ सकते हैं। शिवसेना नेताओं ने कहा कि किसी की संपत्ति का मालिक होना अलग बात है, लेकिन उसके विचारों पर अधिकार नहीं जमाया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र के सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स को चेतावनी

शिवसेना नेताओं ने पुस्तक के प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से विवादित अंशों को तत्काल हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि सावरकर से जुड़े तथ्यों को लेकर पुस्तक में जिस तरह की बातें लिखी गई हैं, उनसे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। पार्टी नेताओं ने प्रकाशक से इस मामले में जवाब देने को भी कहा है।

उद्धव ठाकरे पर भी साधा निशाना

इस पूरे विवाद में शिवसेना के शिंदे गुट ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे को भी घेरा। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां मौजूद हैं, तो उद्धव ठाकरे ने 16 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह के दौरान सोनिया गांधी से यह किताब मुस्कुराते हुए क्यों स्वीकार की?

शिंदे गुट के नेताओं ने उद्धव ठाकरे से पूछा कि क्या वे सोनिया गांधी के सामने सावरकर के कथित अपमान का मुद्दा उठाएंगे? शिवसेना प्रवक्ता शीतल म्हात्रे ने दावा किया कि पुस्तक में सावरकर द्वारा ब्रिटिश सरकार को माफीनामे के लिए पत्र लिखने का उल्लेख किया गया है। उन्होंने इस विवाद को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी भी की।

बालासाहेब ठाकरे के पुराने विरोध का भी किया जिक्र

शिवसेना नेताओं ने अपने विरोध के समर्थन में पूर्व में हुई एक राजनीतिक घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने याद दिलाया कि जब कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने वीर सावरकर पर टिप्पणी की थी, तब बालासाहेब ठाकरे ने इसका विरोध किया था। अब शिंदे गुट ने उद्धव ठाकरे से सवाल किया है कि क्या वे भी उसी तरह सावरकर के सम्मान के लिए आवाज उठाएंगे?

फिलहाल सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ शिंदे गुट पुस्तक पर प्रतिबंध और विवादित अंश हटाने की मांग कर रहा है, वहीं इस मुद्दे ने उद्धव ठाकरे और कांग्रेस के राजनीतिक रिश्तों को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें