18 साल पुराने हत्याकांड का आरोपी UAE से भारत लाया गया, CBI ने इंटरपोल की मदद से रघेश उन्नीकोचन को पकड़ा
रिपोर्ट: मिताली चंदोला, वरिष्ठ पत्रकार
नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने केरल पुलिस के साथ समन्वय कर हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रघेश उन्नीकोचन को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। इंटरपोल के रेड नोटिस पर वांछित रघेश को 18 नवंबर 2026 को भारत लाया गया। इस कार्रवाई में विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA), CBI और केरल पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
2008 में कुल्हाड़ी और तलवारों से किया था हमला
रघेश उन्नीकोचन के खिलाफ केरल के त्रिशूर जिले के तिरुमंगलम में 1 अक्टूबर 2008 को हुई हत्या के मामले में केस दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते रघेश और उसके अन्य साथी कार तथा मोटरसाइकिल से घटनास्थल पर पहुंचे थे। आरोपियों के पास तलवार और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियार थे।
आरोप है कि रघेश ने कुल्हाड़ी से पीड़ित पर हमला किया, जबकि उसके अन्य साथियों ने भी धारदार हथियारों से वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को त्रिशूर के वेस्ट फोर्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इंटरपोल रेड नोटिस से UAE तक पहुंची एजेंसियां
जांच और कानूनी कार्रवाई के दौरान रघेश फरार हो गया था। उसके खिलाफ सक्षम अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका था और गिरफ्तारी के लिए ओपन-डेटेड वारंट भी जारी था।
केरल पुलिस के अनुरोध पर CBI के इंटरपोल विंग यानी नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB), नई दिल्ली ने इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। इसके बाद UAE अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE अधिकारियों ने उसे भारत भेजने की मंजूरी दी। केरल पुलिस की एक एस्कॉर्ट टीम UAE पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर 18 नवंबर को तिरुवनंतपुरम पहुंची।
281 से ज्यादा भगोड़ों को भारत वापस लाया गया
CBI के मुताबिक, भारत में इंटरपोल से संबंधित मामलों के लिए CBI राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में काम करती है। अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग के लिए विभिन्न राज्यों की पुलिस और जांच एजेंसियों के साथ BHARATPOL प्लेटफॉर्म के जरिए समन्वय किया जाता है।
एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 281 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेश से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में अब तक वापस लाए गए 73 भगोड़े भी शामिल हैं।
रघेश उन्नीकोचन की वापसी को अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और भारतीय पुलिस के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अब केरल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।





