लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

अयोध्या से बसपा का चुनावी शंखनाद; आकाश आनंद बोले- ‘आज गुस्से में बात नहीं करूंगा’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले धर्मनगरी अयोध्या सियासत का केंद्र बन गई है। प्रदेश की तीनों प्रमुख पार्टियों-सपा, बसपा और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
अयोध्या। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले धर्मनगरी अयोध्या सियासत का केंद्र बन गई है। प्रदेश की तीनों प्रमुख पार्टियों—सपा, बसपा और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को चुनावी तैयारियों को धार देते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अवध क्षेत्र में अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सोहावल (पंडितपुर स्थित श्री रमणक पूर्व माध्यमिक विद्यालय) में आयोजित विशाल जनसभा को बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने संबोधित किया। इस दौरान बीकापुर के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू, अयोध्या सदर के बसपा नेता सुरेश यादव और यूपी बसपा अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सहित पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
‘आज गुस्से में बात नहीं करूंगा’
जनसभा में जुटी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने कहा, “लोग कहते हैं कि मैं गुस्से में बात करता हूं, लेकिन आज मैं गुस्से में बात नहीं करूंगा।” उन्होंने आगे कहा कि बहुजन समाज के हक, सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए बसपा पूरी मजबूती के साथ 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी और केवल बसपा ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अधूरे मिशन को पूरा कर सकती है। आकाश आनंद ने युवाओं से पार्टी से जुड़ने और 6 दिसंबर को लखनऊ पहुंचने की अपील भी की।
सपा मुखिया पर साधा निशाना
आकाश आनंद ने अयोध्या की रैली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह अखिलेश यादव का सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें खुद नहीं पता कि वह करना क्या चाहते हैं। सपा के ‘PDA’ फॉर्मूले पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कल तक PDA में ‘P’ का मतलब पिछड़ा था, लेकिन ब्राह्मण समाज के बसपा से जुड़ने के बाद रातोंरात ‘P’ का मतलब पंडित हो गया। उन्होंने कटाक्ष किया कि चुनाव आते-आते ‘P’ का मतलब फिर बदल जाएगा और ‘D-A’ घबराए बैठे हैं कि कहीं अगला नंबर उनका न लग जाए। इस दौरान आकाश आनंद ने बीकापुर विधानसभा सीट से जितेंद्र सिंह बबलू को बसपा का उम्मीदवार घोषित किया।
कांग्रेस पर भी लगाए आरोप
आकाश आनंद ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस आंबेडकर की तस्वीर हाथ में लेकर घूमती है, लेकिन उनका इतिहास छिपाती है। आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने आरक्षण को सिर्फ किताबों तक सीमित रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की वजह से ही आंबेडकर को नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले वोट के लिए आंबेडकर को गले लगाती थी और सत्ता मिलने के बाद किनारे कर देती थी। कांग्रेस और भाजपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य देखकर कांग्रेस की हमदर्दी बदल जाती है।
सपा और भाजपा के गढ़ में सीधी चुनौती
अवध क्षेत्र में आकाश आनंद की यह पहली बड़ी जनसभा है, जिसे 2027 के चुनाव से पहले बसपा के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस रैली की टाइमिंग को बेहद अहम माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने वाले हैं, लेकिन उससे ठीक पहले आकाश आनंद ने अयोध्या पहुंचकर सियासी पारा बढ़ा दिया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पांच रैलियां करने के बाद अवध में उतरकर बसपा ने सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल सपा, दोनों के सामने सीधी चुनौती पेश करने के संकेत दिए हैं।
बीकापुर से जितेंद्र सिंह ‘बबलू’ की दावेदारी को बल
रैली के मंच से बीकापुर विधानसभा सीट के लिए चुनावी समीकरण भी साधने की कोशिश की गई। मंच पर लगे मुख्य बैनरों पर बसपा सुप्रीमो मायावती और आकाश आनंद के साथ पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह ‘बबलू भैया’ की तस्वीरें प्रमुखता से नजर आईं। जितेंद्र सिंह बबलू वर्ष 2007 से 2012 के बीच इस सीट से बसपा के विधायक रह चुके हैं। रैली में भीड़ जुटाने की कमान संभालने और मंच से उम्मीदवारी की घोषणा के बाद बीकापुर सीट पर उनकी दावेदारी को बड़ी मजबूती मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें