लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

क्रिकेटर युजवेंद्र चहल की राजनीति में एंट्री, भाजपा ओबीसी मोर्चा में मिली बड़ी जिम्मेदारी

लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल भाजपा में शामिल हो गए हैं। भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। उनकी नियुक्ति नितिन नवीन ने की है।

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी है। युजवेंद्र भाजपा में शामिल हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को चहल को पार्टी के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है।
पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक, युजवेंद्र चहल के साथ-साथ ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गड़नायक और उत्तर प्रदेश की जानी-मानी अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है। इनकी नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की है।
सोशल मीडिया के जरिए युजवेंद्र चहल ने शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
पार्टी में मिली नई जिम्मेदारी के बाद युजवेंद्र चहल ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर कहा, “भाजपा परिवार में मुझे स्थान व मान-सम्मान देने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, आदरणीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी व ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमरपाल मौर्य जी का हार्दिक आभार प्रकट करता हूँ।”
क्या होती है स्पेशल इनवाइटी की भूमिका?
राजनीतिक संगठनों में ‘स्पेशल इनवाइटी’ (विशेष आमंत्रित सदस्य) का पद विशेष महत्व रखता है। इस श्रेणी में ऐसे प्रमुख लोगों को शामिल किया जाता है, जिन्हें संगठन की बैठकों, चर्चाओं और विभिन्न कार्यक्रमों में विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता है। हालांकि, इस पद के साथ मिलने वाले अधिकार और जिम्मेदारियां संबंधित संगठन के नियमों और निर्णयों पर निर्भर करती हैं। युजवेंद्र चहल को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में शामिल किए जाने के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी उन्हें आगे किस तरह की जिम्मेदारी सौंपती है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कसा तंज
युजवेंद्र चहल की नई राजनीतिक पारी पर अब सियासत भी शुरू हो गई है, जिसे लेकर तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने युजवेंद्र पर तंज कसा है। इसके साथ ही कई अन्य विपक्षी नेता भी सवाल उठा रहे हैं। चहल के पार्टी में शामिल होने को लेकर प्रियंका ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “Seems like he found his own sugar daddy. IYKYK” (यानी, “लगता है उन्हें अपना खुद का ‘शुगर डैडी’ मिल गया है। जो जानते हैं, वे समझ गए होंगे।”)। उनका यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके साथ ही भाजपा ज्वाइन करने पर कई विपक्षी नेताओं ने भी उन्हें घेरा है।
भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं चहल
युजवेंद्र चहल इन दिनों टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, लेकिन वे आईपीएल व अन्य घरेलू टूर्नामेंट खेल रहे हैं। उन्होंने अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच अगस्त 2023 में खेला था। इस समय वे हरियाणा की ओर से सैयद मुश्ताक अली टी-20 टीम का हिस्सा हैं। इसके अलावा, वे आईपीएल में पंजाब किंग्स की टीम में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें