नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज भारत की दो दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस दौरान भारत और नेपाल के बीच कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों पर चर्चा होगी। साथ ही सोमवार को बालेन शाह पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे।

दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज (रविवार) से भारत की दो दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। मार्च 2026 में नेपाल के प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। बालेन्द्र शाह को प्रधानमंत्री मोदी ने भारत आने का न्योता दिया था। इस दौरे को भारत और नेपाल के बीच कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खबरों के मुताबिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित करते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नेपाल की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों से जुड़ी विशेष प्रतिमाएं भेंट करेंगे।
दौरे का कार्यक्रम और प्रमुख मुलाकातें
आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक, नई दिल्ली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात कर सकते हैं। यात्रा के दूसरे दिन सोमवार को वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अतिरिक्त, उनका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार भेंट करने का कार्यक्रम है। नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बालेन्द्र शाह रविवार को नेपाल से नई दिल्ली पहुंचेंगे। उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और अन्य अधिकारी भी होंगे।
व्यापार, ऊर्जा सहयोग, जल संसाधन और सीमा प्रबंधन पर हो सकती है बातचीत
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने बताया कि दोनों प्रधानमंत्री सोमवार को मुलाकात करेंगे, जहां दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की चर्चा होगी। इस उच्च-स्तरीय वार्ता के दौरान व्यापार, ऊर्जा सहयोग, जल संसाधन, सीमा प्रबंधन, कनेक्टिविटी, निवेश, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री शाह के साथ एक 34 सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ रहा है, जिसमें वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल शामिल हैं। इसके साथ ही, द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 52 सदस्यीय एक कारोबारी दल भी भारत आ रहा है।
लिपुलेख और कालापानी सीमा विवाद पर हो सकती है सार्थक चर्चा
अपने आधिकारिक दो दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री बालेन शाह के सामने सीमा विवाद एक बड़ी चुनौती है। लिपुलेख, कालापानी और लिम्पियाधुरा का मुद्दा दोनों देशों के बीच सीमा विवाद का कारण रहा है। काठमांडू की राजनीति में इस बात पर तीखी बहस भी है। ऐसे में नेपाल की राजनीति और भारत-नेपाल संबंधों के लिए बालेन शाह का दिल्ली दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, नेपाल की विपक्षी पार्टियों का कहना है कि भारतीय निवेश को आकर्षित करने के लिए प्रधानमंत्री इस मुद्दे को भारत के सामने उठाने से बच रहे हैं। नेपाल की राजनीतिक पार्टियों की मांग है कि बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा का मुद्दा उठाएं।
भारत और चीन के बीच संतुलन बनाने का प्रयास कर रहा नेपाल
तेजी से बदलती दक्षिण एशिया की राजनीति के मद्देनजर नेपाल भारत और चीन के बीच संतुलन बनाने का प्रयास कर रहा है। एक ओर नेपाल निवेश, तीस्ता परियोजना और रक्षा सहयोग के लिए चीन के साथ अपने संबंधों को मजबूत कर रहा है, वहीं दूसरी ओर भारत के साथ भौगोलिक निकटता, क्षेत्रीय स्थिरता, समुद्री सुरक्षा और व्यापारिक जरूरतों के चलते संवाद और राजनीतिक गठजोड़ बनाए रखना चाहता है। ऐसे में किसी एक महाशक्ति पर निर्भरता के बजाय नेपाल दोनों पड़ोसी देशों के बीच संतुलन साधने का प्रयास कर रहा है।
‘रोटी-बेटी’ के रिश्तों के साथ विकास को प्राथमिकता दे रहे दोनों देश
इन दिनों भारत और नेपाल के संबंध बेहद नाजुक मोड़ पर खड़े हैं। एक ओर सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते हैं, तो दूसरी ओर आधुनिक आर्थिक साझेदारी को भी बढ़ाने की कोशिशें हैं। मार्च में हुए बड़े राजनीतिक बदलाव और बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली नई पीढ़ी की सरकार के सत्ता में आने के बाद भारत ने अपनी ‘पड़ोसी पहले’ नीति को प्राथमिकता दी है। वर्तमान में दोनों देश व्यापार, डिजिटल कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ हाल ही में नेपाल में आई बाढ़ के बाद राहत और पुनर्निर्माण में साझेदारी को बढ़ा रहे हैं।
भारत-नेपाल के हालिया संबंधों पर एक नजर
नेपाल में हाल ही में हुए ‘जेन-ज़ी’ (Gen-Z) विरोध प्रदर्शन के बाद भारत और नेपाल के रिश्तों में आई कड़वाहट को दूर करने के लिए दोनों देशों की ओर से नई राजनीतिक पहल देखने को मिल रही है। हालांकि, दोनों देशों के बीच राजनीतिक बदलावों के कारण संवाद में थोड़ी कूटनीतिक सावधानी भी रही है। मार्च 2026 में नेपाल में ‘जेन-ज़ी’ आंदोलन के बाद बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सत्ता में आने पर शुरुआत में दोनों देशों के बीच संवाद की गति धीमी थी। लिपुलेख-कालापानी सीमा विवाद तथा नेपाल की ओर से अतिरिक्त हवाई मार्गों की मांग को लेकर कुछ मतभेद भी उभरे थे।





