छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 के पास स्थित एक मस्जिद को लेकर विवाद बढ़ गया है। प्रशासन ने मरोल के CTS नंबर 1405 पर स्थित इस निर्माण को अवैध करार देते हुए मस्जिद के गेट पर हटाने का नोटिस चस्पा किया है।
रिपोर्ट – संतेश्वर वर्मा
मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 के पास स्थित एक मस्जिद को लेकर विवाद बढ़ गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने मस्जिद को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने मरोल के CTS नंबर 1405 पर स्थित इस निर्माण को अवैध करार देते हुए मस्जिद के गेट पर हटाने का नोटिस चस्पा किया है। इसके बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बवाल मच गया है। नोटिस चिपकाए जाने के विरोध में AIMIM नेता वारिस पठान ने सवाल उठाने के साथ इसे नफरत फैलाने वाली कार्रवाई बताया है। वहीं, भाजपा नेता किरीट सोमैया ने दावा किया है कि नोटिस चिपकाए जाने के एक सप्ताह के भीतर मस्जिद पर कार्रवाई की जा सकती है।
MIAL को तत्काल कार्रवाई का निर्देश
MMRDA ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। प्राधिकरण के मुताबिक, मस्जिद का प्रबंधन देखने वाले ‘अशबुल जन्नत एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट’ की ओर से जमा किए गए दस्तावेज ‘महाराष्ट्र क्षेत्रीय एवं नगर नियोजन अधिनियम, 1966’ के तहत निर्माण की वैधता साबित करने में विफल रहे हैं। MMRDA ने चेतावनी दी है कि आदेश का पालन न होने पर MIAL के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आदेश में महाराष्ट्र सरकार के राजस्व एवं वन विभाग की ओर से 7 सितंबर 2010 और 10 अक्टूबर 2013 को जारी सर्कुलर का हवाला दिया गया है।
किरीट सोमैया ने 5 हजार वर्गफुट सरकारी जमीन पर कब्जे का लगाया आरोप
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि नोटिस जारी हो चुका है और अगले एक सप्ताह के भीतर अवैध ढांचे को हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने मस्जिद के निर्माण का विरोध करते हुए कहा कि 5 हजार वर्गफुट सरकारी जमीन पर बिना अनुमति मस्जिद बनाई गई है। उन्होंने आगे कहा कि यह एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए खतरनाक है। सोमैया ने दावा किया कि 2014 से पहले यहां कोई मस्जिद नहीं थी, बाद में धीरे-धीरे कब्जा कर इसका निर्माण कराया गया।
मस्जिद पक्ष ने अनुमति लेने का किया दावा
दूसरी ओर, मस्जिद पक्ष ने निर्माण के लिए अनुमति लेने का दावा किया है। उनका कहना है कि निर्माण से पहले आवश्यक अनुमति ली गई थी, जिसकी जानकारी तत्कालीन GVK तथा एयरपोर्ट अधिकारियों को दी गई थी। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में साल 2015 के एक पत्र का हवाला दिया है।
वारिस पठान ने जताया विरोध
वहीं, AIMIM नेता वारिस पठान ने प्रशासन की नीयत पर सवाल उठाते हुए इस कार्रवाई को जल्दबाजी में उठाया गया कदम बताया है। उन्होंने इसे गुंडागर्दी बताते हुए सोमैया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पठान का कहना है कि यह मामला फिलहाल हाईकोर्ट में लंबित है। ऐसे में कार्रवाई का कोई औचित्य नहीं है।




