लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

बिहार: पीएम मोदी कल करेंगे 6-लेन ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण, वैशाली में जुटेगा एनडीए का कुनबा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान राघोपुर पहुंचकर गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह–बिदुपुर छह लेन पुल यानी ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण करेंगे। कई भव्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
पटना/वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान कई भव्य कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। कई मायनों में बेहद खास माने जा रहे इस दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। पीएम मोदी अपने दौरे के पहले चरण में राघोपुर पहुंचकर गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह–बिदुपुर छह लेन पुल यानी ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण करेंगे। उद्घाटन के पश्चात प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राजापाकर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और राज्य की कई अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगे। यह दौरा बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अगले दिन हो रहा है, और मई के बाद यह पीएम मोदी का पहला बिहार दौरा है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी करेंगे।

मुख्य पुल की लंबाई 9.76 किलोमीटर, एप्रोच रोड सहित करीब 20 किमी
पटना के बाहरी इलाके कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ने वाले इस मुख्य पुल की लंबाई लगभग 9.76 किलोमीटर है, जबकि एप्रोच रोड सहित इसकी कुल लंबाई करीब 20 किलोमीटर है। एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) और बिहार सरकार की साझा योजना के तहत इसका निर्माण किया गया है। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 5,500 करोड़ रुपये है। वर्ष 2012 में शुरू हुई इस परियोजना के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यातायात सुगम होने की उम्मीद है।

मंच पर एक साथ दिखेगा एनडीए
इस दौरान मंच पर पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, मंत्री संतोष सुमन और रामकृपाल यादव सहित राज्य कैबिनेट के अन्य मंत्री मौजूद रहेंगे। इसके अलावा एनडीए के सहयोगी दल लोजपा (रामविलास) से चिराग पासवान, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रतिनिधि भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वैशाली (राजापाकर) की जनसभा और पुल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने को लेकर अभी भी संशय की खबरें सामने आ रही हैं।

नामकरण को लेकर सियासी बयानबाजी
पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को लेकर राज्य में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सहित एनडीए नेताओं ने इसे नीतीश कुमार के दो दशकों के योगदान और इस परियोजना में उनके प्रयासों के प्रति सम्मान बताया है। वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राजद ने इस पर आपत्ति जताते हुए दावा किया है कि 2016 में इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने का प्रस्ताव भेजा गया था।

प्रशासन ने निर्धारित किए कार्यक्रम स्थल तक जाने के मार्ग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पटना में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक रूट भी तय किए गए हैं। पटना यातायात पुलिस की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 20 नवंबर की रात 10 बजे से कच्ची दरगाह छह लेन के रास्ते वैशाली के बनारसी चौक की ओर जाने वाले भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। यह प्रतिबंध 21 नवंबर को कार्यक्रम समाप्त होने और कार्यक्रम में शामिल सभी वाहनों के सुरक्षित निकलने तक लागू रहेगा। इसके अलावा, 20 नवंबर की रात 10 बजे से 21 नवंबर को कार्यक्रम समाप्त होने तक दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह छह लेन पुल के पश्चिमी लेन पर सभी तरह के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें