रिपोर्ट: संतेश्वर वर्मा
दिल्ली। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार से 18 नवंबर तक फिलीपींस के आधिकारिक दौरे पर हैं। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस जूनियर के विशेष निमंत्रण पर पीएम मोदी राजधानी मनीला पहुंचे हैं। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। तीन दिवसीय यात्रा के दौरान भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा सहयोग को नई मजबूती देने पर जोर रहेगा।
पीएम मोदी ने क्या कहा?

फिलीपींस रवाना होने से पहले अपने प्रस्थान वक्तव्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आसियान के साथ भारत के संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर आधारित हैं। समय के साथ यह साझेदारी व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और जन-संपर्क जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक विस्तारित हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति को आगे बढ़ाने और विकास, कनेक्टिविटी तथा साझा समृद्धि की आकांक्षाओं को गति देने के लिए अन्य नेताओं के साथ काम करने को उत्सुक हैं।
उन्होंने पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के लिए इसमें भाग लेने वाले नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। प्रधानमंत्री फिलीपींस में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री मोदी 17 नवंबर को आयोजित होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इन सम्मेलनों में क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, रक्षा सहयोग और आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर बातचीत होने की संभावना है।
122 अरब डॉलर के व्यापार को बढ़ाने की तैयारी
इस दौरे का एक प्रमुख उद्देश्य भारत और आसियान देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को विस्तार देना है। वर्तमान में भारत और आसियान देशों के बीच लगभग 122 अरब डॉलर का व्यापार होता है। इसे और बढ़ाने के लिए आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते (AITIGA) की समीक्षा प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर जोर दिया जाएगा।
इसके साथ ही भारत और फिलीपींस के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय तरजीही व्यापार समझौते को लेकर भी बातचीत आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग भी इस यात्रा के प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री मार्गों की सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और रणनीतिक सहयोग को लेकर दोनों देशों के बीच चर्चा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पर्यटन और कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
भारत और फिलीपींस के बीच लोगों के आपसी संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने फिलीपींस के पर्यटकों के लिए भारत आने को लेकर मुफ्त ई-वीजा सुविधा देने की घोषणा की है।
इसके अलावा दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क बेहतर बनाने के लिए दिल्ली और मनीला के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इससे पर्यटन, व्यापार और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मनीला में होगी क्वाड नेताओं की अहम बैठक
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे के दौरान क्वाड समूह के नेताओं की बैठक भी खास चर्चा में है। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के नेताओं की बहुपक्षीय बैठक मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची शामिल होंगे।
करीब दो वर्षों के अंतराल के बाद होने वाली इस बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सुरक्षा से जुड़े साझा हितों पर चर्चा होगी।
व्हाइट हाउस की सहायक प्रेस सचिव ओलिविया वेल्स ने बताया कि मंगलवार शाम मनीला में अमेरिकी राष्ट्रपति क्वाड नेताओं के साथ बहुपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
गौरतलब है कि क्वाड नेताओं की पिछली बैठक 21 सितंबर 2024 को अमेरिका के डेलावेयर में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन की अध्यक्षता में हुई थी।
2017 के बाद दूसरी बार फिलीपींस पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी का यह फिलीपींस का दूसरा आधिकारिक दौरा है। इससे पहले वे 12 से 14 नवंबर 2017 को फिलीपींस गए थे। उस दौरान उन्होंने मनीला में 15वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 12वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था।
यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि 1981 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का वह पहला फिलीपींस दौरा था।
अब करीब नौ साल बाद प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर मनीला पहुंचे हैं। इस यात्रा से भारत और फिलीपींस के साथ-साथ पूरे आसियान क्षेत्र के साथ भारत की रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा साझेदारी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।





