एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के तहत खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान-ए ने इंडिया-ए को 48 रनों से हरा दिया। लेकिन, 44वें ओवर के ‘डेड बॉल’ के फैसले ने पूरे मैच को विवादों में ला दिया।
रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
दोहा। एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के तहत रविवार को दोहा में इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए के बीच खेले गए मुकाबले में क्रिकेट से ज्यादा मैदान पर हुए विवादों की गूंज सुनाई दी। हालांकि, विवादों के बीच खेले गए इस मैच में पाकिस्तान-ए ने इंडिया-ए को 48 रनों से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया, लेकिन टॉस के समय हुई चूक, ‘नो-हैंडशेक’ नीति और 44वें ओवर के ‘डेड बॉल’ फैसले ने पूरे मुकाबले को विवादों के घेरे में ला खड़ा किया।
टॉस की गलत घोषणा से शुरू हुआ विवाद
मैच की शुरुआत में ही फील्ड पर अंपायरों से मानवीय चूक हो गई। सिक्का उछलने पर पाकिस्तान-ए के कप्तान अब्दुल समद ने ‘हेड्स’ कॉल किया, लेकिन सिक्का जमीन पर गिरने के बाद प्रेजेंटर और मैच रेफरी ने गलती से ‘टेल्स’ बोलकर भारत को टॉस विजेता घोषित कर दिया। पाकिस्तानी कप्तान समद ने तुरंत आगे बढ़कर सिक्के की जांच की और मैच रेफरी के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई। गलती पकड़ में आने के बाद फैसला बदला गया और टॉस पाकिस्तान-ए के पक्ष में गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर रेफरी की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए गए।
कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ
टॉस के समय और मैच खत्म होने के बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा और पाकिस्तानी कप्तान अब्दुल समद के बीच ‘नो-हैंडशेक’ (हाथ न मिलाना) देखने को मिला। दोनों देशों के बीच चल रहे तनाव के कारण भारतीय टीमों ने पिछले साल से ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने का रुख अपनाया है, जो इस मैच में भी बरकरार रहा।
44वें ओवर में अंपायर को घेरा, दोनों टीमों के बीच जमकर हुई बहस
मैच का सबसे बड़ा विवाद दूसरी पारी के 44वें ओवर में देखने को मिला, जब भारत 314 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा था। पाकिस्तानी तेज गेंदबाज अली रजा ने ओवर की पहली गेंद भारतीय बल्लेबाज शाहबाज अहमद को डाली, जिस पर वे कोई रन नहीं बना पाए और गेंद डॉट रही। इसके बाद अंपायर ने तिलक वर्मा की गलत पोजीशन पर ध्यान दिया और गेंद को ‘डेड बॉल’ करार दे दिया। अंपायर का तर्क था कि नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े तिलक वर्मा बिना अनुमति गेंदबाज के रन-अप की दिशा (उसी तरफ) में खड़े थे।
डॉट बॉल का फायदा छिनता देख पाकिस्तानी कप्तान अब्दुल समद और उनके साथी खिलाड़ी भड़क गए। उन्होंने बीच मैदान पर अंपायर को घेर लिया और तिलक वर्मा से भी तीखी नोकझोंक की। हालांकि, तिलक ने पाकिस्तानी कप्तान से बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन विवाद नहीं थमा। इसके बाद पाकिस्तान को वह गेंद दोबारा डालनी पड़ी, जिस पर भारतीय बल्लेबाज शाहबाज ने एक रन ले लिया। इससे भारत के स्कोरकार्ड में एक रन का इजाफा हुआ। पाकिस्तानी खेमे का आरोप था कि यदि पोजीशन गलत थी, तो अंपायर को गेंद फेंके जाने से पहले ही बल्लेबाज को टोकना चाहिए था। इससे पहले पाकिस्तान की बल्लेबाजी के दौरान भारतीय गेंदबाज हर्षित राणा के आक्रामक सेंड-ऑफ को लेकर भी दोनों टीमों में तनातनी हो चुकी थी। हालांकि, ड्रामा और रोमांच से भरे इस मैच को भारत 48 रनों से हार गया।




