रिपोर्ट- मिताली चंदोला, सीनियर जर्नलिस्ट
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिहायशी मकान के बेसमेंट में संचालित कथित मेफेड्रोन (MD) बनाने वाली गुप्त लैब का भंडाफोड़ किया है। 15 नवंबर को चलाए गए इस ऑपरेशन में अधिकारियों ने 130.613 किलोग्राम रसायन और अन्य सामग्री के साथ बड़ी संख्या में प्रयोगशाला उपकरण जब्त किए हैं। इसके अलावा मौके से 27.55 ग्राम संदिग्ध मेफेड्रोन भी बरामद किया गया है। इस मामले में मुदस्सर पठान उर्फ एमएम पठान को गिरफ्तार किया गया है। NCB की इस कार्रवाई ने रिहायशी इलाके में चल रही कथित नशीले पदार्थों की निर्माण गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग के तहत हुई कार्रवाई
NCB की अहमदाबाद जोनल यूनिट को ग्यासपुर इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। इसके बाद एजेंसी ने गुजरात पुलिस की सरखेज पुलिस टीम के साथ मिलकर ‘ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग’ शुरू किया। 15 नवंबर की सुबह की गई छापेमारी के दौरान सरखेज रोड के पास लब्बैक पार्क स्थित एक मकान के बेसमेंट में कथित तौर पर मेफेड्रोन बनाने के लिए तैयार की गई प्रयोगशाला मिली।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, बेसमेंट में रसायनों के साथ ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विशेष उपकरण और प्रयोगशाला से जुड़ी सामग्री रखी गई थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि इस स्थान का इस्तेमाल सिंथेटिक ड्रग बनाने की तैयारी के लिए किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मकान से 130.613 किलोग्राम विभिन्न श्रेणियों के रसायन और अन्य सामग्री जब्त की गई।
130.613 किलो में क्या-क्या मिला?

इस कार्रवाई में जब्त की गई सामग्री में औद्योगिक श्रेणी का मिथाइल डाइक्लोराइड सबसे अधिक मात्रा में मिला, जिसका वजन 86.650 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा 12.920 किलोग्राम सल्फर-फ्री टोल्यून और 9.115 किलोग्राम प्रोपियोनाइल क्लोराइड तथा मिथाइल डाइक्लोराइड का मिश्रण भी बरामद हुआ।
जांच एजेंसियों ने अन्य रसायनों में ब्रोमीन, एसीटोन, सल्फ्यूरिक एसिड, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, मिथाइलअमीन और सोडियम हाइड्रॉक्साइड सहित कई पदार्थ भी जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कुल बरामद रसायन 25 अलग-अलग श्रेणियों के हैं।
इसके साथ ही लैब से हीटिंग मेंटल, डिजिटल मैग्नेटिक स्टिरर, पिपेट, फ्लास्क, बीकर, ड्रॉपिंग फनल और अन्य प्रयोगशाला उपकरण भी बरामद किए गए हैं। एक दराज की तलाशी में 27.55 ग्राम संदिग्ध मेफेड्रोन मिला, जिसमें 26.85 ग्राम तरल और 0.70 ग्राम पाउडर के रूप में था।
रतलाम कैफे भी जांच के दायरे में
NCB की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मुदस्सर पठान का अहमदाबाद में रतलाम कैफे नाम से एक कैफे भी संचालित होता है। एजेंसी ने इस प्रतिष्ठान की भी तलाशी ली और वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की।
जांच अधिकारियों को शक है कि लैब में इस्तेमाल किए जाने वाले कुछ कच्चे माल की आपूर्ति मध्य प्रदेश से हुई थी। खासतौर पर मंदसौर और रतलाम से जुड़े संभावित संपर्कों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि रसायन कहां से खरीदे गए, उनकी आपूर्ति किसने की और इस कथित गतिविधि में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।
राजस्थान में ड्रग निर्माण की प्रक्रिया देखने का भी दावा
मामले की जांच में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने राजस्थान के प्रतापगढ़ में ड्रग निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को देखने के बाद इंटरनेट के माध्यम से भी इसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी जुटाई थी। इसके बाद उसने अपने मकान के बेसमेंट में इसी तरह की व्यवस्था तैयार करने की कोशिश की।
जोन-7 के डीसीपी शिवम वर्मा के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से मेफेड्रोन बनाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन वह अपेक्षित स्तर पर इसका निर्माण करने में सफल नहीं हो पाया था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले नशे का सेवन करता था, बाद में कथित तौर पर इसकी बिक्री से जुड़ा और फिर खुद निर्माण की कोशिश करने लगा।
पहली खेप बाजार तक पहुंचने से पहले खुला मामला
जांच एजेंसियों के मुताबिक, कथित लैब का भंडाफोड़ ऐसे समय हुआ, जब वहां से पहली खेप भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही कार्रवाई कर दी गई। फिलहाल NCB रसायनों के स्रोत, संभावित आपूर्तिकर्ताओं, आरोपी के संपर्कों और इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
NCB गुजरात पुलिस और एटीएस के साथ मिलकर मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि इस कथित लैब का इस्तेमाल पहले कभी नशीले पदार्थों के निर्माण के लिए किया गया था या नहीं।
अहमदाबाद के रिहायशी इलाके में इस तरह की कथित प्रयोगशाला का मिलना सुरक्षा और नशे के अवैध कारोबार पर निगरानी को लेकर चिंता बढ़ाता है। हालांकि, जब्त रसायनों की वास्तविक उपयोगिता और पूरे नेटवर्क की भूमिका फॉरेंसिक जांच तथा आगे की तफ्तीश के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





