रिपोर्ट: मिताली चंदोला, वरिष्ठ पत्रकार
नई दिल्ली। दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भलस्वा डेयरी थाने में तैनात दिल्ली पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान रविंदर कुमार के रूप में हुई है। CBI ने 17 नवंबर 2026 को शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज किया था।
CBI के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि भलस्वा डेयरी थाने में दर्ज एक मामले में राहत दिलाने और उसे तथा उसके परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार नहीं करने के एवज में ASI रविंदर कुमार ने 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की बात सामने आई। जांच में पता चला कि आरोपी ASI 2 लाख रुपये की मांग करने के बाद एक लाख रुपये की पहली किस्त लेने पर सहमत हो गया था। यह रकम मामले की जांच में मदद करने और राहत देने के नाम पर मांगी गई थी।
इसके बाद CBI ने 17 नवंबर को जाल बिछाया। ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी ASI रविंदर कुमार को शिकायतकर्ता से 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। CBI ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है और आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल CBI मामले की आगे की जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।





