लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

NCR में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर NCW सख्त, दिल्ली-UP समेत 4 राज्यों की पुलिस को दिए समन्वय बढ़ाने के निर्देश

NCR में महिलाओं की सुरक्षा पर NCW का बड़ा एक्शन प्लान, 4 राज्यों की पुलिस को सख्त संदेश- अपराधियों की कोई सीमा नहीं, पुलिस का तालमेल भी सीमाओं से परे हो

रिपोर्ट: मिताली चंदोला, वरिष्ठ पत्रकार

नई दिल्ली, 17 नवंबर 2026। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया है कि अब केवल अपराध के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि अपराध होने से पहले उसे रोकना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से NCW ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की। इसमें चार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के 39 जिलों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक का केंद्र महिलाओं की सुरक्षा, अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय, संवेदनशील इलाकों की निगरानी, साइबर अपराधों पर लगाम और पुलिस व्यवस्था की जवाबदेही रहा। NCW की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने अपने संबोधन में साफ कहा कि अपराधी राज्यों की सीमाओं में बंधकर काम नहीं करते, इसलिए अपराध रोकने वाली पुलिस व्यवस्था भी प्रशासनिक सीमाओं तक सीमित नहीं रह सकती। दिल्ली-NCR जैसे संवेदनशील और तेजी से विस्तार कर रहे क्षेत्र में पुलिस बलों के बीच रियल टाइम संवाद, सूचनाओं का आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई बेहद जरूरी है।

अपराध होने का इंतजार नहीं, रोकथाम पर हो पुलिस का फोकस

NCW अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा प्रत्येक जिले के पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिसिंग का दृष्टिकोण प्रतिक्रियात्मक होने के बजाय निवारक होना चाहिए, ताकि अपराध होने से पहले ही संभावित खतरे की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने संवेदनशील स्थानों की पहचान, शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों, सार्वजनिक परिवहन केंद्रों और सुनसान रास्तों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता बताई। देर रात काम करने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बसों और सार्वजनिक परिवहन पर रहेगी विशेष नजर

महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से सार्वजनिक परिवहन को लेकर भी आयोग ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों में CCTV निगरानी, GPS ट्रैकिंग, नियमित पुलिस गश्त, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, SOS सुविधाओं और परिवहन कर्मचारियों के अनिवार्य सत्यापन को प्रभावी बनाने की जरूरत बताई गई। अध्यक्ष ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए NCW की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को भी गंभीरता से लागू करने का आह्वान किया।

साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी

डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल के साथ महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध भी गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। बैठक में साइबर स्टॉकिंग, सेक्सटॉर्शन, तस्वीरों की मॉर्फिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न जैसे मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जरूरत उठाई गई। NCW अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में देरी पीड़ितों की परेशानी बढ़ाती है, इसलिए पुलिस को तकनीकी दक्षता और संवेदनशीलता दोनों के साथ काम करना होगा।

उन्होंने प्रत्येक पुलिस थाने में महिला हेल्प डेस्क को पूरी तरह सक्रिय रखने, वहां प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती और पीड़ित महिलाओं को समय पर कानूनी, चिकित्सा एवं काउंसलिंग सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराधों की वरिष्ठ स्तर पर नियमित समीक्षा और तीन साल से अधिक समय से लंबित दहेज मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की भी बात कही गई।

NCR के लिए एकीकृत महिला सुरक्षा डैशबोर्ड का प्रस्ताव

बैठक की एक महत्वपूर्ण पहल पूरे NCR के लिए एकीकृत महिला सुरक्षा डैशबोर्ड विकसित करने की संभावना तलाशने का प्रस्ताव रहा। इसके तहत विभिन्न राज्यों और जिलों के बीच बेहतर सूचनात्मक समन्वय स्थापित करने की दिशा में काम किया जा सकता है। इसके साथ ही प्रत्येक राज्य और प्रमुख जिले में वरिष्ठ नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा सार्वजनिक परिवहन और महिला हेल्प डेस्क का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने का सुझाव भी दिया गया।

विजया रहाटकर ने NCRB के 2024 के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस के प्रदर्शन का आकलन केवल दर्ज FIR की संख्या से नहीं किया जा सकता। अपराधों की रोकथाम, शिकायत पर पुलिस की प्रतिक्रिया का समय और जांच की गुणवत्ता भी पुलिस की कार्यक्षमता के महत्वपूर्ण पैमाने हैं।

पूर्व DGP विक्रम सिंह ने पुलिस की जवाबदेही पर दिया जोर

बैठक के तकनीकी सत्र में उत्तर प्रदेश के पूर्व DGP विक्रम सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा कानून-व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने संवेदनशील स्थानों की निगरानी, CCTV और GPS आधारित तकनीक के इस्तेमाल, बार-बार अपराध करने वाले आरोपियों पर नजर रखने और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस थाने पहुंचने वाली महिलाओं के साथ सम्मान, संवेदनशीलता और सहानुभूति से व्यवहार किया जाना चाहिए।

NCW की सदस्य अर्चना मिश्रा और निवेदिता सुब्रमण्यम ने भी चर्चा में हिस्सा लिया। उन्होंने महिलाओं और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करने तथा पुलिस थानों को महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुलभ स्थान बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही अपराधों की रोकथाम और न्याय सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, प्रशासनिक संस्थाओं और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया।

बैठक में अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए, विभिन्न राज्यों के सामने आने वाली परिचालन संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की और NCR में महिलाओं की सुरक्षा के लिए साझा कार्ययोजना की जरूरत पर विचार किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें