कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। CRPF के डीजी जीपी सिंह ने ऑपरेशन के बाद ‘कुछ डिशेज ठंडा परोसने पर ही बेहतर लगती हैं’ लिखकर सुरक्षा बलों को बधाई दी। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस के ‘तुम भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते’ संदेश ने भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा।
रिपोर्ट : मिताली चंदोला, वरिष्ठ पत्रकार

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कुलगाम जिले के देवसर इलाके के जांगलपोरा में बुधवार, 18 नवंबर को हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट मारा गया। वह 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ की चौकी पर हुए हमले में कथित रूप से शामिल था। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे। लतीफ को पकड़ने के लिए सुरक्षाबल लगातार तलाश अभियान चला रहे थे। सोमवार को उसके साथी उमर निसार डार के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने लतीफ की तलाश और तेज कर दी थी।
इस कार्रवाई के बाद सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “Congratulations guys. Some dishes are best served cold, even in cold weather.” यानी साथियों को बधाई, कुछ चीजें ठंडे अंदाज में ही बेहतर तरीके से परोसी जाती हैं, भले ही मौसम ठंडा हो। उनके इस संदेश को लतीफ भट के खिलाफ की गई कार्रवाई और सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक संदेश साझा किया। पुलिस ने लिखा, “You Can Run But You Can’t Hide!” यानी तुम भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते। इन दोनों पोस्ट को आतंकवादियों के लिए सुरक्षा एजेंसियों की सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
मस्जिद में छिपा था लतीफ, सरेंडर के लिए वीडियो कॉल पर भी समझाया
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, खुफिया जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने देवसर के जांगलपोरा इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। इलाके की घेराबंदी के दौरान लतीफ भट को एक मस्जिद के भीतर छिपे होने की जानकारी मिली।
कुलगाम के एसएसपी अनायत अली चौधरी ने बताया कि लतीफ को आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार कहा गया। यहां तक कि उन्होंने 9 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर के साथ वीडियो कॉल के जरिए उससे बातचीत भी की। अधिकारियों ने उसे समझाने की कोशिश की कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह हथियार छोड़कर सामान्य जीवन में लौट सकता है।
हालांकि, तमाम अपीलों के बावजूद लतीफ ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 2:45 बजे उसने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। मस्जिद के भीतर आतंकवादी की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षाबलों ने बेहद संयम के साथ ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों का प्रयास था कि धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाए बिना कार्रवाई पूरी की जाए। बाद में लतीफ को मार गिराया गया।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक आतंकवादी का शव और हथियार बरामद किए जाने की जानकारी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दी। पुलिस ने शुरुआती पोस्ट में शव की पहचान की प्रक्रिया जारी होने की बात कही थी।
11 नवंबर को CRPF चौकी पर हुआ था हमला
लतीफ भट की तलाश की वजह 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ के नाके पर हुआ हमला था। इस हमले में तीन सीआरपीएफ जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में बड़े स्तर पर तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में लतीफ भट और उसके सहयोगी उमर निसार डार को कथित तौर पर हमले से पहले इलाके की रेकी करते देखा गया।

पुलिस ने इस फुटेज को जांच के अहम हिस्से के रूप में सामने रखा था।
इसके बाद सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों की तलाश शुरू कर दी। सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ वहां से बच निकलने में कामयाब रहा। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी तलाश जारी रखी और आखिरकार बुधवार को उसे घेरकर मार गिराया।
15 लाख रुपये का था इनामी, कई हमलों में नाम आया सामने
लतीफ भट को दक्षिण कश्मीर में सक्रिय प्रमुख स्थानीय आतंकवादियों में गिना जा रहा था। उसके बारे में पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वह नवंबर 2025 से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था।
उसका नाम केवल सीआरपीएफ चौकी पर हुए हमले तक सीमित नहीं था। पुलिस के मुताबिक, अनंतनाग में जुलाई में हुए एक हमले और कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या से जुड़े मामलों में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही थी। इन घटनाओं ने दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई थी।
लतीफ के मारे जाने को सुरक्षा एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब सीआरपीएफ के जवानों पर हमले के बाद पूरे इलाके में आतंकियों की तलाश तेज कर दी गई थी।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए क्या संदेश देना चाहती हैं एजेंसियां?
लतीफ भट के एनकाउंटर के बाद सीआरपीएफ डीजी और जम्मू-कश्मीर पुलिस की पोस्ट ने इस कार्रवाई को लेकर एक अलग चर्चा शुरू कर दी है। जीपी सिंह का ‘डिशेज बेस्ट सर्व्ड कोल्ड’ वाला संदेश जहां बीते हमले के बाद हुई कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं पुलिस का ‘भाग सकते हो, छिप नहीं सकते’ वाला संदेश आतंकियों को साफ चेतावनी देता नजर आता है।
हालांकि, इन पोस्ट के अलग-अलग अर्थ निकाले जा रहे हैं, लेकिन इनके जरिए सुरक्षा बलों ने यह संकेत जरूर दिया है कि आतंकवादी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
कुलगाम में हुई इस कार्रवाई के साथ ही सीआरपीएफ चौकी पर हमले के आरोपी दोनों प्रमुख आतंकियों के मारे जाने की खबर सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित मददगारों और संपर्कों की जांच में जुटी हैं।





