लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

योगी के गढ़ में अखिलेश यादव का शक्ति प्रदर्शन, ‘PDA रथ’ से निकाला 20 किलोमीटर लंबा रोड शो, बोले- अहंकार की होगी हार

गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा ‘PDA रथ’ रोड शो निकाला। यह रोड शो गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू होकर गोरखपुर सदर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए देवकही गांव पहुंचा। यहां उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाते हुए ‘अहंकार की होगी हार’ का नारा दिया। रोड शो के दौरान सड़कों पर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।

शहीद बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण

दोपहर में गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अखिलेश यादव ‘PDA रथ’ पर सवार हुए। उनका काफिला गोरखपुर सदर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए चौरीचौरा के देवकही गांव पहुंचा। यहां उन्होंने 1857 की क्रांति के महान स्वतंत्रता सेनानी और शहीद बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही वह पूर्व भाजपा नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में भी शामिल हुए।

भाजपा पर साधा निशाना, दिया नया नारा

रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ से उत्साहित अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ‘अहंकार की होगी हार’ का नारा देते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर की जनता भाजपा को सभी नौ सीटों पर हराकर ‘नौ बटे निल’ कर देगी। उन्होंने गोरखपुर मेट्रो परियोजना और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश सरकार को घेरा।

तीन विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरा रोड शो

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का करीब 20 किलोमीटर लंबा ‘PDA रथ’ रोड शो गोरखपुर की तीन विधानसभा सीटों- गोरखपुर सदर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरीचौरा से होकर गुजरा। यह यात्रा गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू होकर नंदानगर और गुरुंग तिराहे से होते हुए चौरीचौरा के देवकही गांव में संपन्न हुई। खबर के अनुसार, ये तीनों विधानसभा क्षेत्र वर्तमान में भाजपा के कब्जे में हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले में इस रोड शो के जरिए सपा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने और पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की।

‘तिवारी हाता’ जाकर साधने की कोशिश जातीय समीकरण

पूर्वांचल की 41 विधानसभा सीटों पर नजर लगाए अखिलेश यादव ने अपने दौरे के जरिए PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण के साथ-साथ सवर्ण और ब्राह्मण मतदाताओं को साधने की रणनीति भी दिखाई। चौरीचौरा के कार्यक्रम के बाद उनके गोरखपुर के धर्मशाला बाजार स्थित दिवंगत पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के आवास ‘तिवारी हाता’ जाने और उनके बेटों कुशल तिवारी व विनय शंकर तिवारी से मुलाकात करने का कार्यक्रम तय था।

ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के साथ हुआ स्वागत

गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के साथ अखिलेश यादव का भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट के बाहर जुटे समर्थकों ने उन पर फूल बरसाए, क्रेन की मदद से बड़ी माला पहनाई और ‘टीपू इज बैक’ के पोस्टर लहराते हुए जोरदार नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं ने अखिलेश को भेंट किया लैपटॉप

गोरखपुर रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को एक लैपटॉप भेंट किया। इस लैपटॉप पर अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव की तस्वीरें लगी थीं। अखिलेश यादव लैपटॉप पर लगी तस्वीरों को निहारते नजर आए।

भाजपा ने किया पलटवार

अखिलेश यादव के इस दौरे पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस रथ यात्रा को खारिज करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का भविष्य अंधकारमय है और जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली। वहीं, सपा के रोड शो के जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें