नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में अंतरिम जमानत मिल चुकी है। गाजियाबाद की सीजेएम अदालत में जमानत से संबंधित औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। रिहाई का आदेश जेल प्रशासन तक पहुंचने की जानकारी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि आजम खान जल्द ही जेल से बाहर आ सकते हैं।
ईडी की गिरफ्तारी और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
आजम खान को 31 अक्टूबर को उस समय प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया था, जब दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आने वाले थे। ईडी ने यह कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की थी।
अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए आजम खान ने अदालत में दलील दी थी कि जांच एजेंसी ने गिरफ्तारी के दौरान अनिवार्य कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया। उनकी अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। सुनवाई के दौरान अदालत ने टिप्पणी की थी कि उन्हें अंतरिम जमानत देने से कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा।
फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में भी मिली राहत
आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े मामले में भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी। इसके साथ ही उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम की सजा पर भी रोक लगा दी गई।
क्या था फर्जी जन्म प्रमाणपत्र का मामला?
18 अक्टूबर 2023 को रामपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने आजम खान, उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का दोषी करार दिया था। अदालत ने तीनों को सात-सात साल कैद की सजा सुनाई थी।
ईडी ने अंतरिम जमानत को सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
इस बीच मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को इलाहाबाद हाई कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत को प्रवर्तन निदेशालय ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के समक्ष मामले का मौखिक उल्लेख करते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की।
अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का रुख और जेल प्रशासन की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल, जमानत की प्रक्रिया पूरी होने और रिहाई आदेश जेल पहुंचने के बाद आजम खान की जेल से बाहर आने की संभावना जताई जा रही है।





