मध्य प्रदेश की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड टीम ATS ने जबलपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध रूप से भारत में रह रहे तीन संदिग्ध अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
जबलपुर। मध्य प्रदेश की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड टीम ATS ने जबलपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध रूप से भारत में रह रहे तीन संदिग्ध अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आयूब, अब्दुल बारी और असलम के रूप में हुई है। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया। जहा से उन्हें 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
2.5 लाख रुपये में हुई थी भारतीय पासपोर्ट की डील
ATS की जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपियों ने भारतीय पासपोर्ट बनवाने के लिए इस गिरोह के मुख्य सरगना सोहबत खान को हर शख्स ने करीब ढाई लाख रुपये दिए थे। पासपोर्ट बनवाने के लिए जबलपुर के तीन फर्जी पतों मोतीनाला तालाब सदर, उपरैनगंज और छोटी ओमती का इस्तेमाल किया गया था। इस फर्जीवाड़े के तहत कुल 4 पासपोर्ट जारी हुए थे। जिनमें से 3 पासपोर्ट ATS ने जब्त कर लिए हैं। जबकि एक पासपोर्ट गलत पते के कारण पासपोर्ट ऑफिस वापस लौट गया था।
सोशल मीडिया पर AK-47 की फोटो से खुला था राज
इस पूरे फर्जीवाड़ा नेटवर्क का भंडाफोड़ अगस्त 2025 में शुरू हुआ था। जब मुख्य आरोपी सोहबत खान ने सोशल मीडिया पर AK-47 राइफल के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट की थी। सोहबत की गिरफ्तारी के बाद जांच में पता चला कि वह साल 2015 में पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आया था। तबसे वह जबलपुर के छोटी ओमती इलाके में शादी कर बस गया था। उसने स्थानीय मददगारों के साथ मिलकर विदेशी नागरिकों के फर्जी आधार, पैन और पासपोर्ट बनवाने का रैकेट खड़ा किया था।
दूतावास से संपर्क कर रही जांच एजेंसी
फिलहाल, ATS की टीम इस बात की गहन जांच कर रही है कि ये तीनों अफगानी नागरिक भारत में कब और किस रास्ते से दाखिल हुए थे। इसके लिए भारतीय और अफगानिस्तान के दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है। साथ ही, जबलपुर में इन आरोपियों की मदद करने वाले स्थानीय लोगों की भी तलाश की जा रही है।





