राजकोट। गुजरात के हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे के पास सूखी घास में आग लगने से हवाई यातायात प्रभावित हो गया। आग से उठे धुएं के कारण रनवे पर दृश्यता कम हो गई, जिसके चलते दिल्ली से राजकोट आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को वडोदरा डायवर्ट करना पड़ा। विमान में 100 से अधिक यात्री सवार थे। वडोदरा में विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
पटाखे फोड़ने के दौरान लगी आग 
जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट पर पक्षियों को रनवे से दूर रखने के लिए पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान पटाखों से निकली चिंगारी पास में मौजूद सूखी घास पर जा गिरी। इससे वहां आग लग गई और देखते ही देखते धुआं फैलने लगा।
धुएं के कारण रनवे पर दृश्यता काफी कम हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट की अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
हवा में चार चक्कर लगाने के बाद फ्लाइट डायवर्ट
दिल्ली से राजकोट आने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट को सुबह 10:25 बजे पहुंचना था। लेकिन रनवे के आसपास धुआं होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।
सुरक्षा कारणों से विमान को कुछ समय तक हवा में ही रहना पड़ा। इस दौरान पायलट ने चार चक्कर लगाए। इसके बावजूद जब दृश्यता में सुधार नहीं हुआ, तो विमान को वडोदरा की ओर मोड़ने का फैसला लिया गया।
वडोदरा एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके बाद विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों ने राहत की सांस ली।
दोपहर में राजकोट पहुंची फ्लाइट, फिर दिल्ली के लिए भरी उड़ान
राजकोट एयरपोर्ट पर स्थिति सामान्य होने के बाद विमान वडोदरा से राजकोट के लिए रवाना हुआ। फ्लाइट दोपहर 12:20 बजे राजकोट पहुंची। इसके बाद दोपहर 1:11 बजे विमान ने राजकोट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
इस घटना के चलते यात्रियों को कई घंटे की देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रनवे के पास आग लगने की घटना ने एयरपोर्ट पर पक्षियों को भगाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तरीकों और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पटाखों से निकली चिंगारी के कारण आग लगने की बात सामने आई है, हालांकि घटना के सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही आग लगने के कारणों और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




