लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

चक्रवात मुरासु का कहर: आंध्र प्रदेश में भारी तबाही, तेलंगाना की ओर बढ़ा तूफान; 120 KM की रफ्तार से चली हवाएं

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा

आंध्र प्रदेश। बंगाल की खाड़ी से उठा गंभीर चक्रवाती तूफान मुरासु दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में कहर बरपा रहा है। आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद तूफान अब तेलंगाना की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार तड़के चक्रवात ने प्रकाशम जिले में ओंगोल के पास लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान तूफानी हवाओं की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। भारी बारिश और तेज हवाओं ने तटीय इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। इसका असर आंध्र प्रदेश के अलावा तमिलनाडु और ओडिशा के कई हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है।

हजारों पेड़ उखड़े, बिजली के खंभे गिरे; हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित

चक्रवात के तट से टकराने के बाद चली तेज हवाओं ने आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय जिलों में भारी तबाही मचाई है। हजारों पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जबकि सैकड़ों बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।

लगातार बारिश के कारण कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। खराब मौसम का असर हवाई और रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। सुरक्षा कारणों से अब तक 30 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। वहीं, रेलवे ने विजयवाड़ा-ओंगोल-गुडूर रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया है। केरल एक्सप्रेस और हटिया एक्सप्रेस समेत चार प्रमुख ट्रेनों के मार्ग भी बदल दिए गए हैं।

बापटला में 222.4 मिमी बारिश, आंध्र प्रदेश के तीन जिलों में रेड अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान आंध्र प्रदेश के बापटला में सर्वाधिक 222.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नरसापुर में 198.6 मिमी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने राज्य के तीन तटीय जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

मछुआरों को अगले दो दिनों तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। वहीं, निजामपट्टनम बंदरगाह पर चक्रवात की गंभीरता को देखते हुए ग्रेट डेंजर सिग्नल-10 जारी किया गया है।

तमिलनाडु और ओडिशा में भी तूफान का असर, स्कूल-कॉलेज बंद

चक्रवात मुरासु का असर तमिलनाडु के चेन्नई और कुड्डालोर समेत कई इलाकों में दिखाई दे रहा है। यहां लगातार बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। एहतियात के तौर पर कुड्डालोर और आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले समेत कई प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। समुद्र में करीब छह फीट ऊंची लहरें उठ रही हैं।

उधर, ओडिशा के पुरी, गंजाम और गजपति जिलों में भी तूफान का प्रभाव दिखने लगा है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का दौर जारी है।

अमित शाह ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से की बात, राहत-बचाव कार्य तेज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बातचीत कर तूफान से पैदा हुए हालात की जानकारी ली। केंद्र सरकार ने राज्य को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

प्रभावित इलाकों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें तैनात की गई हैं। प्रकाशम जिले के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए राहत शिविरों की व्यवस्था भी की गई है।

दोपहर बाद कमजोर पड़ सकता है चक्रवात, अगले 24 घंटे बारिश का अलर्ट

IMD की निदेशक मनोरमा मोहंती के मुताबिक, चक्रवात अब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मंगलवार दोपहर के बाद इसके धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। हालांकि, अगले 12 से 24 घंटों तक प्रभावित राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी आशंका जताई गई है।

आंध्र प्रदेश सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

चक्रवात मुरासु से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आंध्र प्रदेश सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 9552300009 जारी किया है। इस नंबर पर लोग ‘Hi’ लिखकर अपनी समस्याएं और आपदा से जुड़ी जानकारी दर्ज करा सकते हैं।

इसके अलावा आपातकालीन सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 112, 1070 और 18004250101 भी जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें