रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। शनिवार को मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके भाई अजित पवार के निधन के साथ ही दोनों गुटों के एक होने की संभावनाएं भी समाप्त हो गई हैं। इसके साथ ही उन्होंने एनडीए में शामिल होने या किसी अन्य तरह के राजनीतिक गठबंधन की चर्चाओं को भी खारिज कर दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भावुक नजर आईं सुप्रिया सुले ने हाथ जोड़कर कहा, “मेरा भाई अब नहीं रहा, तो मर्जर की बातें क्या करना?” उन्होंने बताया कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों के बीच पार्टी को फिर से एक करने को लेकर बातचीत हुई थी। यह चर्चा आगे बढ़ चुकी थी और विलय की तारीख भी तय कर ली गई थी। हालांकि, उन्होंने उस तारीख का खुलासा नहीं किया।
अजित पवार के निधन के साथ खत्म हुआ विलय का अध्याय
मीडिया से बातचीत में सुप्रिया सुले ने कहा कि अजित पवार के रहते दोनों गुटों के साथ आने को लेकर बातचीत चल रही थी। लेकिन 28 जनवरी को बारामती विमान हादसे में उनके निधन के दिन ही उनकी ओर से इस विषय पर पूर्ण विराम लग गया।
उन्होंने दो टूक कहा कि जब भाई ही नहीं रहा, तो विलय की बात करने का कोई औचित्य नहीं है। सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि दूसरे गुट की ओर से उन्हें विलय का कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला है।
NDA में शामिल होने की अटकलों को किया खारिज
एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं पर सुप्रिया सुले ने कहा कि इस संबंध में न तो कोई बातचीत हुई है और न ही ऐसा कोई विचार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) विपक्ष में रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।
हाल ही में एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल से हुई मुलाकात पर उन्होंने कहा कि दोनों संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के सदस्य हैं। समिति की बैठकों और पुराने पारिवारिक संबंधों के चलते होने वाली मुलाकातों को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
मीडिया से भावुक अपील, कहा- अब इस मुद्दे को यहीं खत्म करें
विलय को लेकर बार-बार पूछे जा रहे सवालों पर सुप्रिया सुले ने हाथ जोड़कर मीडिया से अपील की कि इस मुद्दे को अब और न उछाला जाए। उन्होंने कहा कि देश में इस समय ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ और परिसीमन जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर गंभीर और सार्थक चर्चा होनी चाहिए।
अजित पवार गुट ने भी विलय की चर्चाओं को किया खारिज
गौरतलब है कि अजित पवार गुट की ओर से भी दोनों पार्टियों के विलय की खबरों को खारिज किया जा चुका है। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और अजित पवार गुट की प्रमुख सुनेत्रा पवार भी पार्टी का स्वतंत्र राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने के पक्ष में हैं।
इसके अलावा, अजित पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी स्पष्ट किया है कि पार्टी में विलय को लेकर किसी भी स्तर पर बातचीत नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि उनका गुट एनडीए का हिस्सा बना रहेगा।
संजय राउत बोले- विलय से MVA का कोई लेना-देना नहीं

इस मुद्दे पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि शरद पवार और अजित पवार गुट के बीच विलय से जुड़ी घटनाएं दोनों पार्टियों का आंतरिक मामला हैं। इसका महाविकास आघाड़ी (MVA) से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुले ने इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट कर दी है, इसलिए अब इस पर चर्चा खत्म हो जानी चाहिए।
संजय राउत के बयान और उनके लेख पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्होंने राउत को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उन्हें जो सही लगता है, वह लिख सकते हैं।
परिसीमन और राहुल गांधी के फोन टैपिंग मामले पर भी बोलीं सुले
परिसीमन के मुद्दे पर सुप्रिया सुले ने कहा कि सरकार ने लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था। महिला आरक्षण के साथ इस प्रस्ताव पर उन्होंने पहले भी समर्थन जताया था और उनकी राय अब भी वही है।
वहीं, राहुल गांधी के फोन टैपिंग से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। वह राहुल गांधी और आदित्य ठाकरे से इस संबंध में बात करेंगी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसी का फोन टैप किया गया है, तो यह गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिए।




