लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

दिल्ली के मंगोलपुरी में जूता फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की 16 गाड़ियां मौके पर तैनात

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित ए-76 नंबर की जूता फैक्ट्री में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 16 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के अभियान में जुट गईं। दमकलकर्मियों के साथ दिल्ली पुलिस के जवान भी सुरक्षा और राहत-बचाव कार्य में लगे हुए हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

दमकल विभाग ने चलाया बड़े स्तर पर अभियान

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1 बजकर 10 मिनट पर मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर ए-76 स्थित जूता फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। आग की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने इसे पहले ‘मेक-4’ और फिर ‘मेक-6’ श्रेणी की आग घोषित किया।

आग पर काबू पाने के लिए मौके पर दमकल की 16 से अधिक गाड़ियां भेजी गईं। इनमें वाटर टेंडर, वाटर बाउजर और फोम टेंडर शामिल हैं। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने और उसे आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं।

रबर, फोम और केमिकल के कारण तेजी से फैली आग

जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री के अंदर जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाला रबर, फोम और ज्वलनशील केमिकल बड़ी मात्रा में रखा हुआ था। इन सामग्रियों के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया और प्रभावित इलाके की घेराबंदी कर दी, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

अब तक कोई हताहत नहीं, आग लगने के कारणों की जांच

इस भीषण अग्निकांड में अब तक किसी के हताहत होने या फैक्ट्री के अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आग पर पूरी तरह काबू पाने और कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटना के कारणों की जांच करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें