रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
बांदा (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। बांदा के बबेरू में आयोजित जन अधिकार महारैली को संबोधित करते हुए राजभर ने मंच से कहा, “हमसे बड़ा गुंडा पूरे देश में कोई नहीं है।” उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
मुख्तार अंसारी, बृजेश सिंह और धनंजय सिंह का किया जिक्र
जनसभा को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “जिसके यहां मुख्तार अंसारी हों, बृजेश सिंह हों, धनंजय सिंह हों या अभय सिंह जैसे लोग दरबार करते हों, उससे बड़ा गुंडा भला कौन होगा? हमसे बड़ा गुंडा पूरे देश में कोई नहीं है।”
राजभर ने आगे कहा कि अगर कोई उन्हें आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो वे उसकी दूसरी आंख निकालने की भी हैसियत रखते हैं। उनके इस बयान को लेकर अब सियासी बयानबाजी की संभावना जताई जा रही है।
‘अपना झंडा और अपना डंडा लेकर चलिए’
राजभर ने जनसभा में कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपनी पार्टी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपना झंडा, अपना डंडा और अपनी पार्टी के लिए काम करें। अगर कोई उनके पास आकर किसी दूसरे का झंडा पकड़ने के लिए कहता है तो उससे कह दें कि वह खुद अपना झंडा पकड़े।
दलित, वंचित और पिछड़े समाज को जोड़ने की बात कही
बबेरू कस्बे के नवीन मंडी स्थल पर आयोजित जन अधिकार महारैली में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति सहित पार्टी के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
सभा में राजभर ने भागीदारी पार्टी को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि प्रेमचंद्र प्रजापति ने पार्टी का गठन किया है और अब प्रदेशभर में इसका विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से दलित, वंचित, शोषित और पिछड़े वर्ग के लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनसभा में कई लोगों ने अपनी समस्याएं भी उनके सामने रखीं। राजभर के मुताबिक, जानकारी के अभाव में कई लोगों को सरकारी योजनाओं और अपने अधिकारों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे लोगों को जागरूक करने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
अखिलेश यादव पर भी साध चुके हैं निशाना
ओम प्रकाश राजभर इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर भी निशाना साध चुके हैं। अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया था कि अखिलेश यादव काशी में बाबा विश्वनाथ के दरबार में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
राजभर ने उन पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि उनका झुकाव मस्जिद, मजार और कब्रिस्तान की ओर रहता है।
राहुल गांधी को लेकर भी कसा था तंज
राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें राहुल गांधी का झंडा उठाना बंद करने की सलाह भी दी थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि राहुल गांधी रैली के बाद थाईलैंड, वियतनाम या मंगोलिया चले जाएंगे, जबकि उत्तर प्रदेश में सीटों के बंटवारे की चुनौती अखिलेश यादव के सामने ही रहेगी।
बयानों को लेकर अक्सर रहते हैं सुर्खियों में
ओम प्रकाश राजभर अपने बेबाक और विवादित बयानों को लेकर अक्सर राजनीतिक चर्चा में रहते हैं। खासकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर उनके लगातार हमले सुर्खियां बनते रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजभर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जनसंपर्क और राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा रहे हैं। बांदा के बबेरू में आयोजित यह रैली भी इसी राजनीतिक अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।
हालांकि, इस बार उनका खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बताने वाला बयान चर्चा का केंद्र बन गया है। अब देखना होगा कि विपक्षी दल इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।





