रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा
बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे के दौरान 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का संबंध मेट्रो, रेलवे, ऊर्जा, पेट्रोलियम इंफ्रास्ट्रक्चर और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं कर्नाटक की विकास यात्रा को नई गति देंगी और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
राज्यपाल सुधा यादव की सराहना की
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में उनके पति ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इसके बावजूद सुधा यादव ने मां भारती की सेवा का संकल्प जारी रखा। उन्होंने संसद से लेकर अब कर्नाटक के राज्यपाल के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। प्रधानमंत्री ने उनके सेवाभाव की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
बेंगलुरु को मिली पिंक लाइन मेट्रो की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की बहुप्रतीक्षित पिंक लाइन के कलिना अग्रहारा से तावरेकेरे खंड को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद उन्होंने खुद भी मेट्रो में सफर किया। करीब 7.5 किलोमीटर लंबे इस नए खंड के शुरू होने से बेंगलुरु की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी और सड़क यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
इस विस्तार के साथ बेंगलुरु का मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर के पार पहुंच गया है। इससे शहर की कनेक्टिविटी को नया विस्तार मिला है।
वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु-मैंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन बेंगलुरु को तटीय कर्नाटक और गोवा से बेहतर रेल संपर्क प्रदान करेगी। इसके रास्ते में हासन, सकलेशपुर, मैंगलुरु, उडुपी, मुरुडेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों- चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड को राष्ट्र को समर्पित किया। इन स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने की भी योजना है।
ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी पहल, देश के सबसे बड़े भूमिगत LPG स्टोरेज का लोकार्पण

प्रधानमंत्री ने ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने मैंगलुरु में देश के सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी स्टोरेज कैवर्न का लोकार्पण किया। इसकी भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन बताई गई है। इस सुविधा से देश में एलपीजी के भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने गेल के कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्र की आधारशिला रखी। यह संयंत्र शहरी ठोस कचरे के प्रसंस्करण से बायोगैस तैयार करने में मदद करेगा। इससे कचरा प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी कई परियोजनाएं शुरू की गईं। इनमें कोप्पल और गडग के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से बिजली को राष्ट्रीय ग्रिड तक पहुंचाने के लिए ट्रांसमिशन नेटवर्क विकसित करने की परियोजनाएं शामिल हैं। इनसे कर्नाटक की सौर और पवन ऊर्जा उत्पादन क्षमता का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में हुए शामिल
बेंगलुरु दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (S-VYASA) के आवासीय मुख्यालय ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में भी शामिल हुए। संस्थान की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने स्वर्ण जयंती प्रशासनिक भवन की आधारशिला रखी।
इस मौके पर उन्होंने भारत की प्राचीन योग परंपरा और आधुनिक विज्ञान के साथ उसके जुड़ाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग को दुनिया में भारत की पहचान और स्वास्थ्य एवं जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण बताया।

मैसूरु में देश के पहले LED डोम तारामंडल का उद्घाटन
बेंगलुरु के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मैसूरु पहुंचे। यहां उन्होंने ‘भारत वन’ में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में हिस्सा लिया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने ‘कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल’ का उद्घाटन किया। इसे भारत का पहला LED डोम तारामंडल बताया जा रहा है। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (IIA) द्वारा विकसित यह अत्याधुनिक केंद्र मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में स्थित है।
इस तारामंडल के 15 मीटर के झुके हुए गुंबद में लगभग 6,150 पैनल और 4.2 करोड़ LED लगी हैं। इसकी खासियत यह है कि पारंपरिक तारामंडलों की तरह केवल प्रोजेक्टर के जरिए तस्वीरें दिखाने के बजाय यहां LED पैनलों पर सीधे दृश्य प्रदर्शित किए जा सकेंगे। इससे विद्यार्थियों और आम लोगों को अंतरिक्ष, ग्रहों और खगोल विज्ञान को समझने का एक नया अनुभव मिलेगा।
प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान मेट्रो, रेलवे, ऊर्जा, पेट्रोलियम, कचरा प्रबंधन और विज्ञान शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। सरकार का मानना है कि इन पहलों से कर्नाटक में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास की रफ्तार तेज होगी।





