रिपोर्ट – संतेश्वर वर्मा
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कानूनी विवाद में घिर गई हैं। गांधी परिवार और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर कथित विवादित टिप्पणियों के मामले में शिमला के बालूगंज पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई शिमला निवासी रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर हुई है। कंगना पर सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक और भड़काऊ टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया है।
क्या है पूरा मामला? 
जानकारी के मुताबिक, कंगना रनौत ने 10 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर एक पुराना वीडियो साझा किया था। इसके साथ उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेटे संजय गांधी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। पोस्ट में कंगना ने सोनिया गांधी को कथित तौर पर रहस्यमयी विदेशी नागरिक बताते हुए उनकी नागरिकता पर सवाल उठाए थे। इतना ही नहीं, उन्होंने इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को सोनिया गांधी के राजनीतिक उत्थान से जोड़ते हुए इसे संयोग बताया था। पोस्ट में मेनका गांधी को घर से निकाले जाने का भी जिक्र किया गया था।
रिटायर्ड कैप्टन की शिकायत पर FIR
कंगना की इस पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए शिमला निवासी रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के डीजीपी और शिमला पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोस्ट राजनीतिक आलोचना की सीमाओं को पार करती है और बिना प्रमाण के भ्रामक व भड़काऊ दावे करके समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करती है।
तीन धाराओं में दर्ज हुआ केस
शिकायत के आधार पर शिमला पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की। शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने भी मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस ने कंगना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 196(1)(b), धारा 353(2) और धारा 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने, सार्वजनिक शांति भंग करने वाले बयान और मानहानि से जुड़े आरोप शामिल हैं।
शिमला वेस्ट थाना पुलिस कर रही जांच
एफआईआर के मुताबिक, मामले की जांच शिमला वेस्ट थाना पुलिस को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपों की सच्चाई और आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के नतीजों के बाद ही स्पष्ट होगी।





