रिपोर्ट – संतेश्वर वर्मा
न्यूयॉर्क। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संचार सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण ठप पड़ा हवाई यातायात अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। शुक्रवार दोपहर से लागू उड़ानों पर रोक के कारण देशभर में 13 हजार से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं। अमेरिका के परिवहन सचिव सीन डफी ने बताया कि तकनीकी समस्या की पहचान कर ली गई है और देश का एयरस्पेस दोबारा खोल दिया गया है। इसके बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सुरक्षा के मद्देनजर लगाई गई देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप की पाबंदी हटा ली। विमानों का संचालन चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जा रहा है। प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति जानने के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी है।
क्यों रोकनी पड़ीं देशभर की उड़ानें?
शुक्रवार दोपहर अमेरिका के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में अचानक संचार प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया। अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी के मुताबिक, ये केंद्र विमानों को सुरक्षित रास्ता दिखाने और हवाई यातायात को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण विमानों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर जोखिम पैदा हो गया था। इसे देखते हुए FAA ने एहतियाती कदम उठाते हुए देशभर में उड़ानों पर तत्काल रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया। इस फैसले के कारण विभिन्न एयरपोर्ट्स पर हजारों यात्री घंटों तक फंसे रहे। हालांकि, FAA की तकनीकी टीमों ने खराबी को दूर करने के बाद हवाई सेवाएं बहाल कर दीं।
प्रशासन ने यात्रियों से की न घबराने की अपील
इस घटना के बाद अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) की ओर से भी यात्रियों को आश्वस्त किया गया। विभाग के प्रमुख ने स्पष्ट किया कि उड़ानों पर रोक लगाने का फैसला पूरी तरह तकनीकी खराबी और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने के बजाय एयरलाइंस से अपनी उड़ानों की ताजा जानकारी लेने की अपील की।
पहले भी ठप हो चुका है अमेरिका का हवाई यातायात
अमेरिकी एविएशन सेक्टर में तकनीकी खराबी के कारण उड़ानें प्रभावित होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जनवरी 2023 में FAA के ‘नोटिस टू एयर मिशन्स’ (NOTAM) सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण पूरे अमेरिका में उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा था। इसके अलावा, इस साल जनवरी में भी भीषण बर्फीले तूफान के कारण हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। इन घटनाओं ने अमेरिकी विमानन व्यवस्था की तकनीकी तैयारियों और बुनियादी ढांचे पर सवाल खड़े किए हैं।
पुराने हार्डवेयर में खराबी बनी संकट की वजह
परिवहन सचिव सीन डफी ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम का हार्डवेयर काफी पुराना है और इसी में तकनीकी खराबी आई थी। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर अमेरिका के पुराने विमानन बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की जरूरत को उजागर कर दिया है।
आखिर क्यों होने लगी 9/11 हमले की चर्चा?
तकनीकी खराबी के बाद FAA ने अचानक पूरे देश में उड़ानों पर रोक लगा दी, जिसके बाद लोगों के बीच किसी बड़े आतंकी या साइबर हमले की आशंका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। इन आशंकाओं को दूर करने के लिए अमेरिकी गृह सुरक्षा सचिव मार्कवेन मुलिन ने स्पष्ट किया कि यह कोई दूसरा 9/11 हमला नहीं है, बल्कि पूरा मामला तकनीकी खराबी से जुड़ा है। दरअसल, 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमलों के बाद अमेरिका ने पहली बार अपने पूरे हवाई क्षेत्र को बंद किया था। उस हमले के बाद से देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप की घटनाएं बेहद दुर्लभ रही हैं। जनवरी 2023 में NOTAM सिस्टम की खराबी के कारण करीब 90 मिनट तक उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ था, जबकि ताजा घटना में चार घंटे से अधिक समय तक उड़ानों पर रोक रही। यही वजह है कि इस घटना की तुलना 9/11 के बाद अमेरिका में पैदा हुए हवाई यातायात संकट से की जा रही है।





