लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

सूरत के कपड़ा गोदाम में भीषण आग, दूर तक दिखीं लपटें; दमकल की 9 गाड़ियां मौके पर

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

सूरत। गुजरात के सूरत शहर के खरवासा इलाके में शनिवार को एक कपड़ा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के रिहायशी इलाकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल, आग बुझाने का अभियान जारी है। वहीं, पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

करीब दो बीघा में फैले गोदाम में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, आग खरवासा कैनाल रोड पर एएनजी सोसाइटी के पास स्थित करीब दो बीघा जमीन में फैले एक गोदाम में लगी। बताया जा रहा है कि इस खुले प्लॉट और गोदाम में कपड़ों का कचरा (टेक्सटाइल वेस्ट और चिंदी) बड़ी मात्रा में जमा करके रखा गया था। कपड़ों के कचरे में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि यहां कपड़ों के कचरे का भंडारण कथित तौर पर अवैध रूप से किया जा रहा था।

दमकल की 9 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की 9 गाड़ियों को तैनात किया गया है। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने और इसे आसपास की सोसाइटियों व अन्य इमारतों तक फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं।

अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

राहत की बात यह है कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल, गोदाम में आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग पर पूरी तरह काबू पाने और कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही आग लगने की असली वजह और कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें