लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

हैदराबाद: राहुल गांधी ने लॉन्च की ‘तेलंगाना गिग वर्कर्स योजना’, बोले- हर वर्कर को मिलेगा अपने डेटा का अधिकार

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

तेलंगाना। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज हैदराबाद के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जयाभेरी ग्राउंड में तेलंगाना के करीब 6 लाख गिग वर्कर्स के लिए सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने फूड डिलीवरी, कूरियर, ऑटो और कैब चालकों से संवाद भी किया।

इसके बाद राहुल गांधी ने हैदराबाद में गिग वर्कर्स की बाइक रैली में हिस्सा लिया और नोवोटेल में आयोजित सभा को संबोधित किया।

इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी उनके साथ मौजूद रहे। राहुल गांधी एक गिग वर्कर की स्कूटी पर पीछे बैठकर रैली में शामिल हुए। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

राहुल गांधी बोले- अब हर वर्कर को मिलेगा अपने डेटा का अधिकार

 

गिग वर्कर्स के साथ संवाद के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि 21वीं सदी डेटा की सदी है। गूगल, फेसबुक, व्हाट्सऐप और उबर जैसी कंपनियां डेटा की ताकत के दम पर काम करती हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब हर वर्कर को अपने डेटा पर अधिकार मिलेगा।

राहुल गांधी के मुताबिक, अब तक भारत में गिग वर्कर्स को अपना ही डेटा देखने की सुविधा नहीं मिलती थी। लेकिन तेलंगाना सरकार की नई पहल के तहत वर्कर्स अपने काम, पूरी की गई राइड्स और कमाई का पूरा हिसाब सीधे अपने मोबाइल फोन पर देख सकेंगे।

राहुल गांधी ने पूरा किया भारत जोड़ो यात्रा का वादा

संवाद के दौरान राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के समय किया गया वादा भी याद किया। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान एक गिग वर्कर ने उनसे अपनी समस्याएं और परेशानियां साझा की थीं। राहुल ने कहा कि उस समय कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का वादा किया था, जिसे आज इस योजना के जरिए पूरा किया जा रहा है।

योजना के तहत मिलेंगी ये सुविधाएं

तेलंगाना सरकार की इस पहल के तहत गिग वर्कर्स को दुर्घटना की स्थिति में 5 लाख रुपये का बीमा और बीमारी के इलाज के लिए 10 लाख रुपये तक का हेल्थ इंश्योरेंस दिए जाने की बात कही गई है।

इसके अलावा, राज्य के विभिन्न शहरों में गिग वर्कर्स के लिए वाई-फाई की सुविधा से लैस आराम केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों पर डिलीवरी वर्कर्स अपने वाहन खड़े कर सकेंगे और काम के बीच आराम भी कर पाएंगे।

गिग वर्कर की स्कूटी पर सवार होकर रैली में पहुंचे राहुल

कार्यक्रम की शुरुआत भी खास अंदाज में हुई। राहुल गांधी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गिग वर्कर्स की बाइक रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान राहुल गांधी एक डिलीवरी वर्कर की स्कूटी पर पीछे बैठकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। रैली में सैकड़ों की संख्या में गिग वर्कर्स अपने दोपहिया वाहनों के साथ शामिल हुए।

बीजेपी और बीआरएस ने किया राहुल के दौरे का विरोध

राहुल गांधी के हैदराबाद दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज रही। विरोध प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने बीजेपी नेता रामचंदर राव को हाउस अरेस्ट किया। वहीं, आयोजन स्थल के बाहर प्रदर्शन कर रहे कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

बीजेपी और बीआरएस ने राज्य सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने और ऐसे आयोजनों पर जनता का पैसा खर्च करने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें