रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा
नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास 10 नवंबर 2025 को हुए कार धमाके के मामले में शनिवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हुई। स्पेशल जज प्रशांत शर्मा की अदालत में आरोप तय करने के मुद्दे पर आरोपी डॉ. मुजम्मिल शकील और डॉ. शाहीन सईद की ओर से दलीलें पेश की गईं। दोनों आरोपियों ने धमाके और कथित आतंकी साजिश में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। वहीं, आरोपी शोएब की ओर से दलीलें सुनने के लिए अदालत ने अगली तारीख 17 नवंबर तय की है।
आरोपियों ने कहा- ब्लास्ट से कोई संबंध नहीं
सुनवाई के दौरान दोनों आरोपी डॉक्टरों के वकीलों ने अदालत में दलील दी कि उनके मुवक्किलों का 10 नवंबर 2025 को हुए कार धमाके की साजिश से कोई संबंध नहीं है। बचाव पक्ष के मुताबिक, आरोपियों का न तो धमाके में इस्तेमाल की गई कार से कोई सीधा संबंध था और न ही उसकी खरीद-फरोख्त में उनकी भूमिका थी। वकीलों ने जांच एजेंसी के आरोपों को खारिज करते हुए दोनों को निर्दोष बताया।
दूसरी ओर, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आरोपियों के खिलाफ अपना पक्ष रखते हुए कथित साजिश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े सबूतों का हवाला दिया। एजेंसी का दावा है कि इस मामले में आरोपियों के बीच आपसी संपर्क और धन के लेन-देन से साजिश की कड़ियां जुड़ती हैं।
क्या था लाल किला ब्लास्ट मामला?

गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ था। इस विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच की जिम्मेदारी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी गई।
NIA की चार्जशीट में क्या दावे किए गए?
मामले की जांच के बाद NIA ने अदालत में करीब 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। एजेंसी की चार्जशीट के मुताबिक, उमर उन नबी इस आत्मघाती हमले का मुख्य आरोपी और सुसाइड बॉम्बर था। जांच एजेंसी का दावा है कि उसने कार के भीतर ही आईईडी तैयार किया था और विस्फोट के दौरान खुद भी मारा गया।
चार्जशीट में विस्फोटक सामग्री के तौर पर अमोनियम नाइट्रेट और TATP के इस्तेमाल का भी उल्लेख किया गया है। NIA के अनुसार, इस साजिश की योजना फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े ठिकानों पर बनाई गई थी। एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 26 लाख रुपये जुटाए थे और यह रकम उमर को दी गई थी।
फिलहाल अदालत में आरोप तय करने को लेकर सुनवाई जारी है। अब 17 नवंबर को आरोपी शोएब की ओर से दलीलें सुनी जाएंगी। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही होगी।




