लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

सीएम योगी की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन, पैतृक गांव में ली अंतिम सांस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली।

रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। वे करीब 91 साल की थीं और उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण अस्वस्थ चल रही थीं। सावित्री देवी पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में ही रहती थीं। यह योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव है और उनका परिवार यहीं निवास करता है। सूत्रों के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किया जा सकता है।
लंबे समय से चल रही थीं बीमार
जानकारी के मुताबिक, सीएम योगी की मां सावित्री देवी पिछले काफी समय से बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण अस्वस्थ थीं। उनके निधन की पुष्टि सीएम योगी के भाई महेंद्र सिंह और पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार ने की है।
गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान मिली सूचना
जिस समय यह दुखद खबर आई, उस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में मौजूद थे। वे वहां 50,000 छात्रों को टैबलेट बांटने के एक कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे।
कई बड़े नेताओं ने जताया शोक
इस दुखद खबर के सामने आने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा कर सीएम योगी की मां के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ समेत पूरे परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इसके साथ ही देश और प्रदेश के कई अन्य बड़े नेताओं ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है।
अंतिम बार मई में मां से मिले थे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां सावित्री देवी से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी, जब वे दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर गए थे। इससे पहले सीएम योगी ने साल 2024 में अपनी मां से मुलाकात की थी, जब वे ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती थीं। उस समय सीएम योगी ने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेकर उनका हालचाल जाना था। वे कुछ देर मां के पास रुकने और बातचीत करने के बाद वहां से रवाना हो गए थे।
89 वर्ष की आयु में पिता का हुआ था निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल 2020 को 89 साल की उम्र में नई दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) में इलाज के दौरान हुआ था। वे किडनी और लिवर संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और हालत गंभीर होने के कारण वेंटिलेटर पर थे। उस समय देश में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लागू था। ऐसे में राज्य की प्रशासनिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हुए और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के कारण योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें