लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

Jantar Mantar Protest: नेहा बोरा, योगेंद्र यादव समेत कई हिरासत में, 11 मेट्रो स्टेशन बंद; मुंबई में भी ‘जेल भरो आंदोलन’

Jantar Mantar Protest Updates: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर 2 अक्टूबर को दिल्ली से लेकर मुंबई तक विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। जंतर-मंतर की ओर जा रहीं नेहा बोरा, योगेंद्र यादव समेत कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं, मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शाम 4 बजे ‘जेल भरो आंदोलन’ का ऐलान किया है।

दिल्ली में प्रदर्शन का मुद्दा मुख्य रूप से Special Intensive Revision (SIR), मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जवाबदेही से जुड़ा है। छात्र संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्ष से जुड़े नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 लागू की गई है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग की गई है।

11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 11 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास अगले आदेश तक बंद किया गया है। इनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं। हालांकि कुछ स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी कनॉट प्लेस, पटेल चौक, GPO, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट और आसपास के इलाकों में डायवर्जन की जानकारी दी है। लोगों से इन रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।

मनोज झा और सौरभ भारद्वाज भी पहुंचे

RJD सांसद मनोज झा जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शन की अनुमति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है। वहीं AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह बिना कार के जंतर-मंतर पहुंचे हैं और लोगों से भी वहां आने की अपील की।

पुलिस का कहना है कि धारा 163 लागू होने के कारण नई दिल्ली जिले में प्रदर्शन, मार्च और इसी तरह की गतिविधियों की अनुमति नहीं है। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

मुंबई में शाम 4 बजे CJP का ‘जेल भरो आंदोलन’

दिल्ली के साथ मुंबई में भी आज विरोध-प्रदर्शन होने जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत डिपके ने मुंबई के शिवाजी पार्क में शाम 4 बजे ‘जेल भरो आंदोलन’ का ऐलान किया है। मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है, इसके बावजूद CJP ने आंदोलन जारी रखने की बात कही है। शिवाजी पार्क और दादर रेलवे स्टेशन के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है और बैरिकेडिंग की गई है।

CJP की प्रमुख मांगों में ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, 2025 की मतदाता सूची को फ्रीज करना और भविष्य में मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता शामिल है। संगठन ने मुंबई से शुरू होकर आंदोलन को देश के अन्य शहरों तक ले जाने की घोषणा की है।

CJP के मुताबिक मुंबई के बाद गोवा, बेंगलुरु और कोलकाता समेत अन्य शहरों में भी आंदोलन की योजना है। संगठन ने कहा है कि उसका अभियान आगे चलकर दिल्ली के जंतर-मंतर तक पहुंचेगा।

इस तरह गांधी जयंती के दिन दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शनों ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। दिल्ली में जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और हिरासत में लेने की कार्रवाई की है, वहीं मुंबई में पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद CJP ने ‘जेल भरो आंदोलन’ जारी रखने का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें