रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पांच दिन पहले CRPF की नाका पार्टी पर हमला करने वाले दोनों आतंकियों को सुरक्षाबलों ने लारू इलाके में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट भी शामिल है। इस कार्रवाई को दक्षिण कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

5 दिन पहले CRPF जवानों पर की थी अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आतंकी 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान-मीर बाजार इलाके में CRPF की नाका पार्टी
पर हुए हमले में शामिल थे। इस दौरान आतंकियों ने महज 15 सेकंड के भीतर जवानों पर करीब 30 राउंड गोलियां चलाई थीं।
हमले में CRPF की 46वीं बटालियन के तीन जवान हेड कांस्टेबल सोमवीर, कांस्टेबल संतानो और राकेश दास गंभीर रूप से
घायल हो गए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश में जुटे थे।
संयुक्त ऑपरेशन में दोनों आतंकी ढेर

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को कुलगाम के लारू इलाके में आतंकियों की मौजूदगी को लेकर पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान जैसे ही जवान संदिग्ध ठिकाने के करीब पहुंचे, वहां छिपे आतंकियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर कमांडर लतीफ भट समेत दोनों आतंकियों को मार गिराया।
कई बड़ी आतंकी वारदातों का आरोपी था लतीफ भट
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, मारा गया आतंकी लतीफ भट दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय नेटवर्क का प्रमुख चेहरा था। वह कुलगाम और अनंतनाग जिलों में सक्रिय था और इस साल दक्षिण कश्मीर में हुई कई आतंकी वारदातों की साजिश में उसकी भूमिका बताई जा रही थी।
उस पर अनंतनाग के लाल चौक इलाके में पुलिसकर्मियों की हत्या और कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या जैसी गंभीर आतंकी घटनाओं में शामिल होने के आरोप थे। लतीफ भट का मारा जाना घाटी में सक्रिय लश्कर के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
6 महीने में लश्कर के 4 बड़े कमांडर ढेर
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पिछले छह महीनों के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के चार बड़े कमांडरों के मारे जाने का दावा किया गया है।
लतीफ भट पिछले छह महीनों में मारा गया लश्कर का चौथा शीर्ष कमांडर बताया जा रहा है। इससे पहले 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मुठभेड़ के दौरान कमांडर जाकिर अहमद गनई मारा गया था। इसके बाद 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर के तहत यासिर को ढेर किया गया। वहीं, 30 सितंबर को बडगाम जिले में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान लश्कर कमांडर मूसा उर्फ आसिफ फौजी को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।
कुलगाम में हुई इस ताजा कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।





