UP Election 2027: कांग्रेस ने यूपी की 181 विधानसभा सीटों पर दावेदारी की तैयारी की है। खड़गे, राहुल और प्रियंका की बैठक में सपा के साथ सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति पर मंथन हुआ।
दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस आलाकमान एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में सोमवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करना और सपा के साथ सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर चर्चा करना था।
मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल मौजूद रहे। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और राज्य के सभी सह-प्रभारी शामिल हुए।
सपा से बातचीत से पहले कांग्रेस ने तैयार की रणनीति
सपा के साथ 17 नवंबर को सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत होनी है। ऐसे में कांग्रेस उत्तर प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से करीब 172 से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश करने की तैयारी में है। हालांकि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सीटों का बंटवारा किसी तय संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता और संबंधित सीट पर पार्टी की मजबूती के आधार पर होगा।
संगठन के पुनर्गठन और सामाजिक समीकरण पर जोर
सीट बंटवारे के अलावा बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के पुनर्गठन और नई टीम के गठन पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस की रणनीति प्रदेश में ब्राह्मण, मुस्लिम, दलित और अति पिछड़े वर्गों को साथ लेकर मजबूत सामाजिक गठबंधन तैयार करने की है। इसके अलावा युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को चुनावी अभियान के केंद्र में रखने पर भी जोर दिया गया।
खड़गे बोले- यूपी का चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देगा
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी।
सपा ने तैयार किया कांग्रेस का चुनावी डोजियर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की 180-181 सीटों की दावेदारी के बीच समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के पिछले चुनावी प्रदर्शन का आकलन करते हुए एक चुनावी डोजियर तैयार किया है। सूत्रों के मुताबिक, इसमें 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों को आधार बनाया गया है। सपा का रुख साफ है कि सीटों का बंटवारा केवल बड़ी मांगों के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की जमीनी पकड़ और जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए।
गौरतलब है कि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, उसके 387 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा गठबंधन की सबसे बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।





