चेन्नई। भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी अब CSK के लिए नई भूमिका में नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी है। CSK ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से घोषणा की कि 45 वर्षीय धोनी IPL में टीम के मेंटर की भूमिका निभाएंगे। इस नई जिम्मेदारी के साथ यह संकेत मिल गया है कि धोनी अब खिलाड़ी के तौर पर IPL में नजर नहीं आएंगे, हालांकि वह फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहेंगे। धोनी IPL 2027 सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स के नए ‘टीम मेंटर’ की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस खबर के सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में मायूसी छा गई है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि धोनी इस नई भूमिका के साथ एक नए अध्याय की शुरुआत करेंगे। यानी अब वह खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि टीम के मेंटर के रूप में नजर आएंगे।
मैदान पर नहीं दिखेगा ‘माही’ का हेलीकॉप्टर शॉट

IPL के पहले सीजन से ही चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने वाले धोनी अब मैदान पर पीली जर्सी में बल्लेबाजी या विकेटकीपिंग करते नजर नहीं आएंगे। हालांकि, डगआउट में उनकी मौजूदगी और रणनीतिक अनुभव का फायदा टीम के युवा खिलाड़ियों को मिलता रहेगा। पिछले कुछ समय से धोनी IPL में अपनी पुरानी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 15 अगस्त 2020 को संन्यास लेने के बाद से ही प्रशंसक IPL में उनकी एक झलक पाने का इंतजार करते थे।
कैसा रहा धोनी का ऐतिहासिक IPL करियर?
IPL की शुरुआत से लेकर अब तक धोनी का करियर किसी सुनहरे अध्याय से कम नहीं रहा है। उन्होंने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार चैंपियन बनाया। टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में IPL का खिताब जीता। इस दौरान धोनी ने टीम के लिए कुल 278 मैच खेले, जिनमें उन्होंने 38.30 की औसत और 137 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 5,439 रन बनाए। वहीं, विकेट के पीछे भी धोनी का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 158 कैच लपके और 47 स्टंपिंग कीं।
IPL में अपनी टीम को पांच बार चैंपियन बना चुके हैं धोनी
बतौर खिलाड़ी धोनी ने IPL और चैंपियंस लीग T20 में चेन्नई सुपर किंग्स को कई ऐतिहासिक उपलब्धियां दिलाईं। उनकी कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL का खिताब (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) और दो बार चैंपियंस लीग T20 (2010 और 2014) का खिताब अपने नाम किया।
दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में शुमार हैं धोनी

क्रिकेट की दुनिया में कई खिलाड़ियों ने अपने दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड बेहद खास है। वह दुनिया के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने ICC की तीनों प्रमुख सीमित ओवरों की ट्रॉफियां जीती हैं।
धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित पहला ICC T20 वर्ल्ड कप जीता। इसके बाद 2011 में 28 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए भारत ने वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया। इस फाइनल में धोनी ने नाबाद 91 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। वहीं, 2013 में इंग्लैंड को फाइनल में हराकर भारत ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती।
इसके अलावा, धोनी की कप्तानी में भारत ने 2010 और 2011 में लगातार दो बार ICC टेस्ट मेस जीतकर टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 का स्थान हासिल किया। वहीं, भारत ने 2010 और 2016 में एशिया कप का खिताब भी उनकी कप्तानी में जीता। 2018 में भी भारतीय टीम ने एशिया कप अपने नाम किया था।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं धोनी
क्रिकेट में असाधारण योगदान के लिए धोनी को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है। साल 2025 में उन्हें ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। वहीं, 2018 में उन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।
इससे पहले 2009 में उन्हें पद्म श्री से नवाजा गया था, जो भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। 2008 में उन्हें देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न (तत्कालीन राजीव गांधी खेल रत्न) से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, वह लगातार दो साल 2008 और 2009 में ICC वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर भी चुने गए थे।





