लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

11% रिटर्न का झांसा, निवेशकों से करोड़ों की ठगी! इंटरपोल की मदद से रोमानिया से भारत लाया गया आरोपी

रिपोर्ट: मिताली चंदोला, वरिष्ठ पत्रकार

नई दिल्ली I 17 नवंबर 2026: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन्वय से इंटरपोल रेड नोटिस के आरोपी तथा यूक्रेनी नागरिक ओलेक्सांद्र जापिचेंको का रोमानिया से भारत प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया है। आरोपी को 17 नवंबर 2026 को भारत लाया गया।

ईडी को जापिचेंको की धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज एक मामले में तलाश थी। आरोप है कि उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर निवेशकों को प्रति सप्ताह 6 से 11 प्रतिशत तक असाधारण रिटर्न देने का झूठा आश्वासन देकर निवेश के लिए प्रेरित किया और उनके साथ धोखाधड़ी की।

एमएलएम आधारित पोंजी योजना चलाने का आरोप

जांच में सामने आया कि संबंधित कंपनी कथित तौर पर मल्टी-लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) आधारित पोंजी योजना चला रही थी। कंपनी ने भारतीय रिजर्व बैंक से आवश्यक अनुमति लिए बिना निवेशकों से नकद में बड़ी रकम एकत्र की थी।

जांच एजेंसी के अनुसार, निवेशकों से जुटाए गए धन को विभिन्न हवाला माध्यमों से इधर-उधर भेजा गया और बाद में इसका उपयोग क्रिप्टोकरेंसी यूएसडीटी खरीदने में किया गया।

नकदी को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने में भूमिका

ईडी की जांच के अनुसार, जापिचेंको निवेशकों से एकत्र नकदी को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने की प्रक्रिया में सीधे तौर पर शामिल था। बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन की व्यवस्था करने और उसे सुविधाजनक बनाने में उसकी कथित भूमिका के कारण उसे धनशोधन नेटवर्क का एक प्रमुख हिस्सा माना गया।

इंटरपोल के माध्यम से जारी हुआ था रेड नोटिस

ईडी के अनुरोध पर सीबीआई के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो-नई दिल्ली ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। आरोपी की भौगोलिक स्थिति का पता लगने के बाद रोमानियाई अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद भारत की ओर से रोमानिया को औपचारिक प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रोमानियाई अधिकारियों ने आरोपी को भारत प्रत्यर्पित करने की अनुमति प्रदान की।

ईडी की टीम आरोपी को लेकर मुंबई पहुंची

ईडी का एक अनुरक्षण दल रोमानिया गया, जहां आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया। यह दल जापिचेंको को लेकर 17 नवंबर 2026 को मुंबई पहुंचा।

सीबीआई भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में कार्य करती है। वह भारतपोल के माध्यम से देश की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इंटरपोल चैनलों से अंतरराष्ट्रीय सहायता उपलब्ध कराने में समन्वय करती है। सीबीआई के अनुसार, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल चैनलों के माध्यम से समन्वय कर 280 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें