रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पहले से ही विपक्ष और चुनाव आयोग आमने-सामने हैं, अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक दावे ने इस विवाद में नया सियासी तड़का लगा दिया है। योगी ने दावा किया कि मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम कट गए हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवालों की बौछार कर दी। उनका सीधा सवाल है- आखिर मुख्यमंत्री के पास ये आंकड़े आ कहां से रहे हैं?
योगी के आंकड़ों पर अखिलेश का सीधा वार
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि इतने बड़े आंकड़े किस आधार पर पेश किए जा रहे हैं। उन्होंने पुराने बयान का हवाला देते हुए तंज कसा कि मुख्यमंत्री पहले भी चार करोड़ वोट कटने की बात कह चुके हैं। आखिर उन्हें ये जानकारी कौन दे रहा है और इन आंकड़ों की सच्चाई क्या है? अखिलेश ने कहा कि इस पूरे मामले की वास्तविकता सामने आनी चाहिए।
चुनाव आयोग पर भी चढ़े अखिलेश, बीजेपी को घेरा
वोटर लिस्ट के मुद्दे पर अखिलेश ने चुनाव आयोग और बीजेपी दोनों को निशाने पर लिया। उन्होंने आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में पारदर्शिता जरूरी है। मतदाता सूची में नाम कटने और जुड़ने की पूरी प्रक्रिया का हिसाब जनता के सामने आना चाहिए। यानी अब लड़ाई सिर्फ वोट कटने की नहीं, बल्कि उन आंकड़ों की विश्वसनीयता की भी बन गई है।
एक ट्रिलियन डॉलर का सपना कहां गया?
अखिलेश यादव ने योगी सरकार को विकास के मोर्चे पर भी घेरा। उन्होंने एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और डिजिटल इंडिया के वादों का जिक्र करते हुए पूछा कि इन महत्वाकांक्षी दावों का नतीजा आखिर कहां दिखाई दे रहा है? उन्होंने बीजेपी सरकार से इन वादों का हिसाब मांगने की बात कही।
26 हजार स्कूल बंद होने का मुद्दा उठाया
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद किए जाने का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकताओं में शिक्षा नहीं रह गई है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्कूलों की जगह शराब की दुकानें खुल रही हैं। उनके इस बयान ने शिक्षा और सरकारी नीतियों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
सपा में टूट की अटकलों पर भी दिया जवाब
समाजवादी पार्टी में अंदरूनी खींचतान और टूट की चर्चाओं पर अखिलेश यादव ने विराम लगाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं और बीजेपी का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। उनका दावा है कि सपा पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
भाजपा की बैठक में योगी ने किया था बड़ा दावा

दरअसल, लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कथित तौर पर दावा किया था कि मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम कट गए हैं। उन्होंने 18 से 19 साल के युवाओं का भी जिक्र किया और कहा कि इस आयु वर्ग के करीब साढ़े चार लाख युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि वे समय रहते पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए सक्रिय हों।
अब सवाल यह है कि मुख्यमंत्री के 1.27 करोड़ वाले दावे का आधार क्या है? आंकड़ों की इस सियासी जंग में अखिलेश यादव ने सीधे योगी सरकार से जवाब मांग लिया है। 2027 के चुनाव से पहले वोटर लिस्ट का मुद्दा अब यूपी की राजनीति का बड़ा चुनावी हथियार बनता नजर आ रहा है।





