रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनावी तैयारियों को रफ्तार देते हुए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। खास बात यह है कि पहली सूची में पार्टी ने ज्यादातर मौजूदा विधायकों को ही दोबारा मौका दिया है। यानी AAP ने फिलहाल अपने पुराने चेहरों के साथ ही चुनावी मैदान में उतरने का दांव चला है।
भगवंत मान से लेकर विधानसभा अध्यक्ष तक, पुराने चेहरों पर दांव

AAP की पहली सूची में कई बड़े और चर्चित नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर धूरी से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से दोबारा टिकट दिया गया है।
इसके अलावा अमनशेर सिंह उर्फ शेरी कलसी को बटाला, कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला और डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर दक्षिण से उम्मीदवार बनाया गया है।
सबसे ज्यादा चर्चा मंत्री संजीव अरोड़ा के नाम की हो रही है। पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट से फिर टिकट दिया है। अरोड़ा प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़े एक मामले में जेल में बंद हैं। इसके बावजूद पार्टी ने उन पर भरोसा कायम रखा है।
चार महिला उम्मीदवारों को भी मिला मौका
पहली सूची में AAP ने महिला नेताओं को भी प्रतिनिधित्व दिया है। कुल चार महिला उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं।
इनमें इंदरजीत कौर मान को नकोदर, डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को मोगा, संतोष कटारिया को बलाचौर और बलजिंदर कौर को तलवंडी साबो से टिकट दिया गया है।
केजरीवाल के आवास पर हुई बैठक के बाद फैसला

उम्मीदवारों की सूची जारी करने से पहले शुक्रवार को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के आवास पर पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की अहम बैठक हुई थी। इसी बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के बाद पहली सूची को अंतिम रूप दिया गया।
पार्टी की रणनीति से साफ है कि AAP ने फिलहाल अपने मौजूदा विधायकों और स्थापित चेहरों पर भरोसा जताया है। अब देखना होगा कि उम्मीदवारों की यह पहली सूची पंजाब के चुनावी समीकरणों को कितना प्रभावित करती है।
लुधियाना से लेकर मालवा तक उम्मीदवारों का ऐलान

AAP की पहली सूची में पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों की 40 विधानसभा सीटों को शामिल किया गया है। इनमें तरनतारन, खेमकरण, नकोदर, करतारपुर, दसूया, उड़मुड़, होशियारपुर, चब्बेवाल, गढ़शंकर, बलाचौर, रूपनगर और मोहाली जैसी सीटें शामिल हैं।
लुधियाना क्षेत्र की लुधियाना पूर्व, आत्म नगर, लुधियाना सेंट्रल, लुधियाना वेस्ट और लुधियाना उत्तर सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। इसके अलावा पायल, निहाल सिंह वाला, बाघापुराना, मोगा, धर्मकोट, जलालाबाद, फाजिल्का, मुक्तसर, कोटकपूरा, जैतो, तलवंडी साबो, सरदुलगढ़, भदौड़, महल कलां, अमरगढ़, धूरी और पटियाला समेत कई सीटों पर प्रत्याशियों के नाम सामने आए हैं।
पटियाला से अजितपाल सिंह कोहली को उम्मीदवार बनाया गया है।
कुल मिलाकर, पंजाब चुनाव से काफी पहले AAP ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में पुराने चेहरों पर भरोसा जताकर पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति का संकेत दे दिया है। अब नजर दूसरी सूची और विपक्षी दलों की तैयारियों पर रहेगी।





