रिपोर्ट- संतेश्वर वर्मा
राजस्थान। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में आठ मजदूरों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही मशीन 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई, जिसके बाद वहां काम कर रहे मजदूरों को करंट लग गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों के बेहतर इलाज और हादसे की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।
11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकराई मशीन
पुलिस के मुताबिक, छापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली रोड़ी मिलाने की मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलने से आसपास काम कर रहे मजदूर भी इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
हादसे में झुलसे पांच मजदूरों को उपचार के लिए उदयपुरवाटी के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुंझुनूं के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
दो गांवों के आठ मजदूरों की गई जान
इस हादसे में जान गंवाने वाले आठ मजदूरों में चार हालेड़ा मंडावरा गांव और चार छापोली गांव के निवासी थे। मृतकों की पहचान हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29), पवन गुर्जर (23), विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) के रूप में हुई है।
वहीं, सीता देवी (50), मंजू देवी (36), घीसाराम (55) और संतरा देवी (40) समेत पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, धरने पर बैठे लोग
आठ मजदूरों की मौत के बाद छापोली और आसपास के गांवों में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने हादसे के विरोध में धरना शुरू कर दिया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि झुंझुनूं में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
अशोक गहलोत बोले- हादसे से मन व्यथित है 
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि उदयपुरवाटी के छापोली में मजदूरों की करंट लगने से हुई मौत बेहद दुखद और मार्मिक है। अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों की पीड़ा की कल्पना कर मन व्यथित है। गहलोत ने हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
फिलहाल, हादसे के बाद ग्रामीणों में गहरा रोष है। आठ मजदूरों की मौत ने सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों और हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास काम करने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस दर्दनाक हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है।





