लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’ पर सियासी संग्राम: BJP के ‘व्हाइटवॉशिंग’ आरोपों पर राहुल का पलटवार, बोले- जितना बोलेंगे, उतनी बिकेगी किताब

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के साथ ही देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। 10 नवंबर को बाजार में आई इस किताब में इमरजेंसी, 1984 के सिख विरोधी दंगों, बाबरी विध्वंस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े मुद्दों पर की गई टिप्पणियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने 10 नवंबर को इस किताब को ‘व्हाइटवॉशिंग’ यानी लीपापोती करार दिया था। इसके बाद 11 नवंबर को बीजेपी प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने भी इसी शब्द का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। वहीं, बीजेपी की आलोचनाओं पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पलटवार किया है।

राहुल गांधी ने किया मां का बचाव


किताब को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच राहुल गांधी अपनी मां के समर्थन में सामने आए। मीडिया से बातचीत में बीजेपी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह सोनिया गांधी की अपनी किताब है और उन्हें अपनी कहानी लिखने का पूरा अधिकार है। राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि 

विरोधी जितनी ज्यादा इस किताब पर टिप्पणी करेंगे, इसकी बिक्री उतनी ही बढ़ेगी। अगर दूसरों को अपनी बात रखनी है, तो उन्हें अपनी अलग किताब लिखनी चाहिए।

इससे पहले किताब के विमोचन के मौके पर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट भी साझा की थी। उन्होंने लिखा कि सार्वजनिक जीवन में करीब 60 साल बिताने के बाद भी उनकी मां आज भी एक सहज और सच्ची इंसान बनी हुई हैं। उन्होंने अपनी मां पर गर्व जताया।

प्रियंका गांधी बोलीं- मां ने किताब में सच लिखा है

वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सोनिया गांधी की आत्मकथा का बचाव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस लंबे समय से उनकी मां के बारे में झूठ फैलाते रहे हैं। अब जब सोनिया गांधी अपनी बात और अपना पक्ष किताब के जरिए रख रही हैं, तो उसे झूठा बताया जा रहा है।

प्रियंका गांधी ने वायनाड में कहा, ”वे इतने लंबे समय से मेरी मां के बारे में झूठ बोलते रहे हैं। अब वह सच बता रही हैं। जाहिर है कि वे उनकी बातों को झूठा ही कहेंगे। वे और क्या कह सकते हैं? मुझे खुशी है कि बीजेपी के नेता उनकी किताब पढ़ रहे हैं।”

बीजेपी का ‘व्हाइटवॉशिंग’ का आरोप

किताब सामने आते ही बीजेपी नेताओं ने इसे कांग्रेस के पुराने विवादों और आरोपों पर पर्दा डालने की कोशिश बताया। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने तंज कसते हुए कहा कि किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग’ के बजाय ‘व्हाइटवॉशिंग’ होना चाहिए था। उनका आरोप है कि इसमें इमरजेंसी और 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े तथ्यों पर पर्दा डालने की कोशिश की गई है।

बीजेपी नेताओं ने किताब में ऐतिहासिक तारीखों से जुड़ी कथित गलतियों और पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की भूमिका की अनदेखी को लेकर भी सवाल उठाए।

वहीं, बीजेपी प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने भी किताब को कांग्रेस के पुराने विवादों पर लीपापोती करने की कोशिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरजेंसी की जिम्मेदारी संजय गांधी पर डालकर सोनिया गांधी ने कांग्रेस नेतृत्व को बचाने का प्रयास किया है। उनके मुताबिक, किताब में दूसरे विवादित मामलों में भी उन लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं।

सिख संगठनों ने किताब की प्रतियां जलाईं

दिल्ली में कई सिख संगठनों ने 1984 के सिख विरोधी दंगों और ऑपरेशन ब्लू स्टार से जुड़े तथ्यों पर आपत्ति जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने किताब की प्रतियां भी जलाईं। संगठनों का आरोप है कि सोनिया गांधी ने किताब में ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया है और अपने परिवार तथा कांग्रेस पार्टी को क्लीन चिट देने की कोशिश की है।

544 पन्नों की किताब में क्या है खास?

सोनिया गांधी की 544 पन्नों की इस आत्मकथा में इटली से भारत आने, राजीव गांधी के साथ जीवन, परिवार और राजनीति से जुड़े कई अनछुए पहलुओं का जिक्र किया गया है। इसमें 1991 में राजीव गांधी की हत्या से पहले राहुल गांधी की ओर से जताई गई सुरक्षा संबंधी आशंका और वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले से जुड़े अनुभव भी साझा किए गए हैं।

फिलहाल, सोनिया गांधी की इस किताब ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और ‘बिलॉन्गिंग’ को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें