लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

छठ महापर्व पर देशभर में आस्था का सैलाब, PM मोदी ने व्रतियों को किया नमन, बोले- सबको मिले छठी मैया का आशीर्वाद

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। देशभर में छठ पूजा को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी व्रतियों को नमन करते हुए कामना की कि छठी मैया का आशीर्वाद हर किसी को प्राप्त हो।

पीएम मोदी ने व्रतियों को किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दी शुभकामनाएं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छठ पर्व को लोकआस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया की आराधना को समर्पित यह पर्व भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अनुपम प्रतीक है। उन्होंने सभी व्रतियों को नमन करते हुए उनके जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की।

दिल्ली में 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट तैयार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली में छठ महापर्व और भव्य तरीके से मनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुनक नहर के दोनों किनारों पर करीब 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट तैयार किए गए हैं। उन्होंने छठी मैया से सभी परिवारों पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी देशवासियों को छठ की बधाई दी। दोनों मुख्यमंत्रियों ने भगवान भास्कर और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

कई राज्यों में छठ की तैयारियां जोरों पर

बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में छठ पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नदियों और तालाबों के किनारे घाटों की साफ-सफाई और सजावट की जा रही है। बाजारों में पूजा सामग्री, फल और सूप-दउरा की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। वहीं, छठ मनाने के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं।

मुंबई में छठ पूजा और गीतों को लेकर सियासत

एक तरफ देशभर में छठ की तैयारियां चल रही हैं, तो दूसरी तरफ मुंबई में इस पर्व को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया है। रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाने और जुहू बीच पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर कुछ विपक्षी दलों ने विरोध जताया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने इस मुद्दे पर आपत्ति जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

वहीं, रेलवे प्रशासन का कहना है कि रेलवे बोर्ड के निर्देश पर उत्तर भारतीय यात्रियों की सुविधा के लिए घोषणाएं की जा रही हैं। छठ पूजा के दौरान यात्रियों को जानकारी देने के लिए बीच-बीच में छठ गीत भी बजाए जा रहे हैं।

रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी यात्रियों की भीड़

छठ महापर्व के लिए घर लौटने वाले यात्रियों की वजह से देश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। दूसरी ओर, छठ घाटों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट का काम भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।

जानिए छठ पूजा की प्रमुख तिथियां और शुभ मुहूर्त

इस वर्ष छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जा रहा है।

  • 13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय के साथ महापर्व की शुरुआत।
  • 14 नवंबर, शनिवार: खरना और प्रसाद ग्रहण।
  • 15 नवंबर, रविवार: डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य।
  • 16 नवंबर, सोमवार: उगते सूर्य को उषा अर्घ्य और व्रत का पारण।

पंचांग के अनुसार, षष्ठी तिथि 14 नवंबर की रात 11:23 बजे से शुरू होकर 16 नवंबर की सुबह 2 बजे तक रहेगी।

15 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में सूर्यास्त शाम करीब 5:28 बजे और पटना में शाम 4:57 बजे होगा। वहीं, 16 नवंबर को पटना में सूर्योदय सुबह करीब 6:11 बजे और दिल्ली में सुबह 6:44 बजे होगा। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण कर अपना निर्जला उपवास समाप्त करेंगी।

छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य उपासना, स्वच्छता और लोकआस्था से जुड़ा भारत की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण पर्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें