लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

अखिलेश यादव का योगी पर तंज: ‘बुलडोजर को ब्रांड बनाकर खुद ब्रांड एंबेसडर बन गए CM’

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर तीखा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने बुलडोजर को उत्तर प्रदेश का ‘ब्रांड’ बताया था। अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए इसे संविधान की भावना के खिलाफ बताया। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ”हमारे मुख्यमंत्री जी ने बुलडोजर को ब्रांड बना दिया और खुद उसके ब्रांड एंबेसडर बन गए हैं।”

कस्टोडियल डेथ को लेकर सरकार पर निशाना

13 नवंबर को मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और मानवाधिकारों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हिरासत में होने वाली मौतों (कस्टोडियल डेथ) के मामले में उत्तर प्रदेश और गुजरात के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है। अखिलेश ने कहा कि जिन राज्यों में कस्टोडियल डेथ के मामले ज्यादा हो रहे हैं, वहां की सरकारें संविधान की परवाह नहीं कर रही हैं।

मतदाता सूची और 2027 के चुनाव पर बड़ा दावा

अखिलेश यादव ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट में 25 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान की है। पार्टी यह सूची चुनाव आयोग को सौंपेगी।

अखिलेश ने चुनाव आयोग से इस काम के लिए सपा नेताओं को पुरस्कृत करने की मांग की। साथ ही निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव (गृह) और डीजीपी को उनके पदों से हटाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा डरी हुई नहीं है, तो 10 जनवरी तक विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो जाना चाहिए।

अखिलेश बोले- प्रदेश में चल रही PDA की हवा

प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की हवा चल रही है और इंडिया गठबंधन पहले से ही मिलकर काम कर रहा है। नए राजनीतिक गठबंधनों को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें शामिल दलों को उत्तर प्रदेश में स्थायी रूप से रहकर काम करना चाहिए।

आजम खां के समर्थन में क्या बोले अखिलेश?

सपा नेता आजम खां के जेल जाने के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि अगर आजम खां मुसलमान नहीं होते, तो शायद उन्हें इस तरह नहीं फंसाया जाता।

अपने अयोध्या दौरे को लेकर अखिलेश ने बताया कि सपा नेता पवन पांडेय ने ग्रह-नक्षत्र देखने के बाद कार्यक्रम तय किया है। उन्होंने कहा कि जब भगवान बुलाएंगे, तो वह जरूर जाएंगे।

क्या था सीएम योगी का बयान?

दरअसल, 12 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जेवर में ट्रैक्टर और बुलडोजर निर्माण फैक्ट्री के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री ने कंपनियों से उत्तर प्रदेश में बुलडोजर बनाने की अपील करते हुए कहा था कि देश और दुनिया में इसकी भारी मांग रहेगी, क्योंकि बुलडोजर पहले ही उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। इसी बयान पर अब अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए मुख्यमंत्री को बुलडोजर का ब्रांड एंबेसडर बता दिया है।

12 दिसंबर को डिंपल के साथ राम मंदिर जाएंगे अखिलेश

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन पांडेय के मुताबिक, अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपनी पत्नी और सांसद डिंपल यादव तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अयोध्या जाएंगे। इस दौरान वह सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन और पूजन करेंगे। इसके बाद राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे।

जनवरी 2024 में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला अवसर होगा, जब अखिलेश यादव रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे। इस दौरान वह अयोध्या के साधु-संतों, महंतों और आचार्यों से भी मुलाकात करेंगे तथा उनका आशीर्वाद लेंगे।

पवन पांडेय के मुताबिक, अखिलेश यादव भगवान से प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की प्रार्थना करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें