न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में कहर बरपाते हुए रोहित शर्मा (0), विराट कोहली (0) और श्रेयस अय्यर (0) को पवेलियन की राह दिखा दी। महज 3 रन के स्कोर पर 3 मुख्य विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम अंत तक संभल नहीं सकी।
रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा
माउंट माउंगानुई। पांच वनडे मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड ने चौथे वनडे मुकाबले में भारत को 244 रनों के बड़े अंतर से हराकर अपनी उम्मीदें जिंदा रखी हैं। शुक्रवार को बे ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 333 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम महज 26.4 ओवरों में 89 रनों पर ही ढेर हो गई। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की सीरीज में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है, हालांकि भारत अभी भी सीरीज में 2-1 से आगे है। जबकि एक मैच बारिश के कारण पहले ही रद्द हो चुका है।
विल यंग का लगाया शानदार शतक
मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जो पूरी तरह भारत के लिए गलत साबित हुआ। किवी टीम के सलामी बल्लेबाज और अपने वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विल यंग ने 108 गेंदों में 14 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 125 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली। टिम सेफर्ट 58 रन और फिन एलन 41 रन ने भी टीम के स्कोर को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान दिया। जिससे न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 333 रन बनाए। जबकि, भारत की ओर से अक्षर पटेल (2/39), गुरनूर बरार (2/69) और आकिब नबी (2/59) ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, अर्शदीप सिंह और नमन धीर को एक-एक सफलता मिली।
मैट हेनरी की घातक गेंदबाजी से बिखरा भारत का शीर्ष क्रम
334 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में कहर बरपाते हुए रोहित शर्मा (0), विराट कोहली (0) और श्रेयस अय्यर (0) को पवेलियन की राह दिखा दी। महज 3 रन के स्कोर पर 3 मुख्य विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम अंत तक संभल नहीं सकी। इसके बाद काइल जैमीसन ने भी शुरुआती झटका दिया, जिससे भारत का स्कोर महज 9 रन पर 4 विकेट हो गया। भारतीय बल्लेबाज कीवी तेज गेंदबाजों की स्विंग और उछाल के सामने टिक नहीं सके। हेनरी ने अपनी घातक गेंदबाजी जारी रखते हुए 9.4 ओवर में सिर्फ 27 रन देकर 6 विकेट झटके, जबकि मैथ्यू फिशर ने 3 खिलाड़ियों को आउट किया। भारत की ओर से केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके, जिसमें ईशान किशन ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। अक्षर पटेल और नमन धीर ने 21-21 रनों का योगदान दिया, लेकिन पूरी टीम 26.4 ओवर में 89 रन बनाकर ढेर हो गई।
मैट हेनरी बने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’
चौथे वनडे में गेंदबाजी से कहर बरपाने वाले मैट हेनरी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैट हेनरी ने 9.4 ओवर में 27 रन देकर 6 विकेट झटके। पूरी भारतीय टीम 26.4 ओवर में 89 रन पर सिमट गई। जो रनों के लिहाज से पिछले 26 सालों में भारत की सबसे बड़ी वनडे हार है।
रविवार को होगा सीरीज का फैसला
सीरीज का पहला और दूसरा मैच जीतकर भारत ने 2-0 की बढ़त बनाई थी, जबकि तीसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। आज चौथा मुकाबला था जिसे न्यूजीलैंड ने जीत लिया है। ऐसे में अब पांचवां और निर्णायक वनडे मैच रविवार, 15 नवंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। जो भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे से होगा। भारत की नजरें अब आखिरी मैच जीतकर सीरीज कब्जाने पर होंगी। वहीं, कीवी टीम सीरीज 2-2 से बराबर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।





