गुजरात। अहमदाबाद में हुए हिट एंड रन के एक मामले में पुलिस ने बापूनगर से भाजपा विधायक के भतीजे राघवेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 11 नवंबर की सुबह राघवेंद्र ने अपनी रेंज रोवर कार से एक रैपिडो बाइक को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठे यात्री की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक भी घायल हुआ। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने हादसे में कथित तौर पर शामिल रेंज रोवर कार भी जब्त कर ली है। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस स्टेशन से ही जमानत मिल गई।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार, 11 नवंबर की सुबह करीब 6:45 बजे अहमदाबाद के शिलाज सर्कल के पास गुरुकृपा चौराहे पर हुई। इससे पहले सुबह करीब 6:25 बजे 50 वर्षीय रैपिडो बाइक चालक प्रदीप कुमार डडवाल ने घाटलोडिया के शास्त्रीनगर इलाके से 35 वर्षीय हर्षद कुमार पुरबिया को बाइक पर बैठाया था। हर्षद अपने काम के सिलसिले में शिलाज जा रहे थे।
जब बाइक गुरुकृपा चौराहे के पास पहुंची, तो हर्षद ने चालक से दाईं ओर मुड़ने के लिए कहा। इसके बाद प्रदीप ने बाइक की रफ्तार धीमी की और सड़क पार करने लगे। बताया जा रहा है कि बाइक सड़क का करीब तीन-चौथाई हिस्सा पार कर चुकी थी, तभी शिलाज की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही रेंज रोवर कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सड़क पर दूर जा गिरे दोनों बाइक सवार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में हर्षद पुरबिया के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। आरोप है कि राघवेंद्र कुशवाहा रातभर पार्टी करने के बाद लौट रहा था। हालांकि, इस दावे की पुष्टि जांच के तथ्यों से होनी बाकी है।
CCTV फुटेज और कार नंबर से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रत्यक्षदर्शी की ओर से नोट किए गए कार नंबर और फुटेज की मदद से पुलिस ने वाहन की पहचान की। इसके बाद बोपल पुलिस ने राघवेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कथित तौर पर हादसे में शामिल रेंज रोवर कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी को बाद में पुलिस स्टेशन से जमानत मिल गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





