लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और मिनी बस की टक्कर में 23 की मौत, गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

रिपोर्ट-संतेश्वर वर्मा

गोलाघाट (असम)। असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक यात्री मिनी बस (ट्रैवलर) और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, बस में 35 से 40 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र शामिल थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए। बचाव दल को गैस कटर की मदद से बस की बॉडी काटकर शवों और घायलों को बाहर निकालना पड़ा। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे काजीरंगा के कोहोरा रेंज स्थित रंगाजन इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुई। यह स्थान हाथीकुली टी एस्टेट के पास बताया जा रहा है। मिनी बस बोकाखाट से नागांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।

प्रारंभिक जानकारी में बस की तेज रफ्तार और चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गैस कटर से बस काटकर निकाले गए शव

https://youtube.com/shorts/S9QNHD4hUxw

टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री बस के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

बस के लोहे के हिस्से इस कदर मुड़ गए थे कि अंदर फंसे यात्रियों को निकालना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में बचाव दल ने गैस कटर की मदद से बस की बॉडी काटी और शवों तथा घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने भी शीशे तोड़कर यात्रियों को निकालने में मदद की।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, प्रशासन मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही गोलाघाट के जिला आयुक्त बिस्वजीत फुकन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत और बचाव अभियान का जायजा लिया। घायलों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (JMCH) रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

शवों की पहचान में जुटा प्रशासन

हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रशासन और पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटे हैं। इसके लिए उनके पास मिले पहचान पत्रों और अन्य सामान की मदद ली जा रही है। घायलों के उपचार के लिए भी चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया शोक

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने काजीरंगा के पास हुए इस भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा को घटनास्थल पर भेजा गया है। वह मौके पर रहकर राहत एवं बचाव कार्य और घायलों के उपचार की व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है और मृतकों की पहचान तथा घायलों के उपचार को प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें