लोड हो रहा है...
ब्रेकिंग न्यूज़
खबरें लोड हो रही हैं...
हमें फॉलो करें :

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस खाई में पलटी, 8 की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: भोपाल से खाटूश्यामजी दर्शन करने जा रहे थे यात्री, कई घायल; ड्राइवर को झपकी आने से हादसा होने की आशंका

रिपोर्ट: संतेश्वर वर्मा

राजस्थान। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोटा जिले के सिमलिया क्षेत्र में कुराड़िया एक्सचेंज के पास श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे खाई में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश नंबर प्लेट वाली मिनी बस में सवार सभी यात्री भोपाल से खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान चालक ने अचानक बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और आपातकालीन सहायता दल मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बस में आगे की तरफ बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आईं। कुछ घायल यात्री सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त मिनी बस को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।

हादसे में मृतकों और घायलों के नाम

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू शामिल हैं। बस चालक की भी हादसे में मौत हो गई। घायलों में वंदिता (पुत्री रविंद्र झरबड़े), अजय गावंडे (पुत्र मरोतराव गावंडे), वेदांत झरबड़े (पुत्र योगेश झरबड़े), मोहनिस झरबड़े (पुत्र रविंद्र झरबड़े), आकांक्षी झरबड़े (पुत्री कमलेश झरबड़े), हेमलता गायकवाड़ (पत्नी संतोष गायकवाड़) और सारांश (पुत्र कमलेश झरबड़े) के नाम सामने आए हैं।

ड्राइवर को झपकी आने की आशंका, सड़क की स्थिति पर भी सवाल

पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हुई होगी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।वहीं, एक्सप्रेसवे पर सड़क के एलाइनमेंट में गड़बड़ी और जगह-जगह उछाल होने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इन परिस्थितियों की हादसे में संभावित भूमिका की जांच जरूरी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें